फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   Highway 24 four-day troubles jam

हाईवे 24 पर चार दिन सताएगा जाम

Fri, 29 Jul 2016 12:38 AM IST
ब्यूरो,अमर उजाला गाजियाबाद
ब्यूरो,अमर उजाला गाजियाबाद Updated Fri, 29 Jul 2016 12:38 AM IST
विज्ञापन
Highway 24 four-day troubles jam
अन्य - फोटो : अमर उजाला
एनएच 58 का ट्रैफिक एनएच-24 पर डायवर्ट किए जाने से लाखों लोगों के लिए अगले चार दिन मुसीबत भरे रहने वाले हैं। लखनऊ, बरेली की ओर से दिल्ली नोएडा आने वाले वाहन चालकों को भीषण जाम से जूझना पड़ेगा। इससे सफर में ज्यादा समय लगेगा।
विज्ञापन


बसों और ट्रेनों भी आजकल भारी भीड़ है। ऐसे में बेहतर यही है कि बहुत जरूरी न हो तो अगले चार दिन (29 जुलाई से एक अगस्त तक) हाईवे 24 पर सफर करने से बचें। बुलंदशहर, हापुड़ पिलखुवा के लोगों को भी इस दौरान मुसीबत का सामना करना होगा।
विज्ञापन


डायवर्जन के चलते बृहस्पतिवार को शहरवासियों को जाम से दोचार होना पड़ा। जीटी रोड, अंबेडकर रोड, हापुड़ रोड और एनएच-24 पर वाहन दिनभर रेंगते रहे। दूसरी तरफ, शुक्रवार को हाईवे बंद होने पर मोदीनगर-मुरादनगर, नंदग्राम और हिंडन विहार के लाखों लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


हरिद्वार से कांवड़ उठाने के बाद रुड़की, मुजफ्फरनगर, खतौली और मोदीपुरम कांवड़ियों के रुकने के मुख्य स्थान होते हैं। इसके बाद मोदीनगर और मुरादनगर में अधिक संख्या में कांवड़िया रुकते हैं। लोगों का कहना है कि हर साल कांवड़ मेला आता है। लाखों की संख्या में कांवड़िये हाईवे से होकर गुजरते हैं।

अब तक प्रशासन जलाभिषेक तक वन-वे यातायात चलाता था, मगर इस बार प्रशासन ने चार दिन पहले से ट्रैफिक पूरी तरह से बंद कर लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। लोगों का यह भी आरोप है कि यातायात व्यवस्था बनाने में नाकाम पुलिस-प्रशासन लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।

एनएच-58 बंद, अब इन रास्तों से गुजरना होगा
- दिल्ली से गाजियाबाद: मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार जाने वाले सभी प्रकार के वाहन यूपी गेट, विजयनगर बाईपास, एनएच-24 पर डासना तिराहा, पिलखुवा-हापुड़ होते हुए गंतव्य को जाएंगे।
- दिल्ली से यूपी बॉर्डर:  भोपुरा, महाराजपुर, ज्ञानी बॉर्डर से गाजियाबाद की तरफ आने वाले वाहन गाजीपुर चौक से यूपी गेट होकर एनएच-24 होकर जाएंगे।
- बुलंदशहर की ओर से गाजियाबाद होकर दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन गाजियाबाद न आकर बुलंदशहर से सिकंदराबाद जाकर श्यामनगर मंडी होते हुए कासना ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाएंगे।
- लोनी की ओर से आने वाले सभी वाहन भोपुरा बार्डर से दिल्ली में सीमापुरी आनंद विहार गाजीपुर चौराहा यूपी गेट होकर राजमार्ग एनएच-24 पर विजयनगर बाईपास होते हुए आत्माराम स्टील-हापुड़ चुंगी होकर गाजियाबाद में प्रवेश करेंगे।
- गाजियाबाद से मोदीनगर जाने और आने वाले वाहन हापुड़ चुंगी, आत्माराम स्टील, पिलखुवा से अव्वलपुर, फरीदपुर होते हुए मोदीनगर जाएंगे, इसी मार्ग से वापस आएंगे।
- गाजियाबाद से मुरादनगर आने जाने वाले वाहन आत्मारामस्टील, पिलखुवा से कनौजा, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री होते हुए मुरादनगर जाएंगे, इसी मार्ग से वापस आएंगे।

एमएमजी अस्पताल में लगेगा कांवड़ शिविर, मरीजों को चार दिन परेशानी
एमएमजी अस्पताल में चार दिन तक कांवड़ शिविर और भंडारा लगाया जाएगा। इसकी वजह से मरीजों को परेशानी हो सकती है। शुक्रवार से अस्पताल परिसर में कांवड़ियों के लिए भंडारा शुरू हो जाएगा।

ऐसे में चार दिनों तक अस्पताल में पार्किंग बंद रहेगी। पार्किंग बंद होने से अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों को दिक्कत होगी। हालांकि शुक्रवार और शनिवार दो दिन ही ओपीडी चलेगी।

इन दो दिनों में अस्पताल का रास्ता बंद नहीं किया जाएगा। 31 जुलाई से अस्पताल का रास्ता बंद होगा, उस दिन रविवार की छुट्टी होने से अधिक परेशानी नहीं होगी। अस्पताल में रविवार और सोमवार को सिर्फ इमरजेंसी चलेगी।

इस मामले में सीएमएस डॉ. जेके त्यागी ने बताया कि कांवड़ शिविर और भंडारे की वजह से मरीजों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। भंडारा अस्पताल के दूसरे हिस्से में लगाया जाता है और कांवड़िये पार्क और पार्किंग स्थल पर ठहरते हैं। इसके अलावा कांवड़ शिविर के समय भी एंबुलेंस और मरीजों की गाड़ियों को अंदर आने से नहीं रोका जाता है।

बसें दौड़ रहीं खाली, ट्रेनों में भीड़ बढ़ी
 कांवड़ यात्रा के दौरान किया गया रूट डायवर्जन जहां रोडवेज के लिए घाटे की वजह बना तो वहीं रेलवे को इससे फायदा हो रहा है। रोडवेज को अब सवारियां नहीं मिल रहीं तो ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ गई है।

परिवहन निगम के गाजियाबाद डिपो को करीब 2 लाख रुपये का घाटा प्रतिदिन झेलना पड़ रहा है। मेरठ रूट की बसें अब मोदीनगर की बजाय हापुड़ से संचालित होने की वजह से उसे बीच रास्ते से सवारियां नहीं मिल रहीं। दूसरी ओर, रूट डायवर्जन की परेशानियों से बचने के लिए मोदीनगर, मुरादनगर और मेरठ के यात्रियों ने अब सफर के लिए ट्रेनों को माध्यम बना लिया है।

रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक गाजियाबाद डिपो की प्रतिदिन की आमदनी पहले साढ़े सात से आठ लाख रुपये थी। रूट डायवर्जन की वजह से अब आमदनी घटकर करीब छह लाख रुपये रह गई है। एआरएम रोडवेज आरसी सुखीजा का कहना है कि रूट डायवर्जन की वजह से मेरठ रूट पर यात्रियों की संख्या काफी कम हो गई है।

लोकल ट्रेनों में बढ़ी भीड़
रूट डायवर्जन की वजह से गाजियाबाद से दिल्ली, मेरठ और सहारनपुर की ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। एनएच-58 पर वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। ऐसे में ट्रेन ही अब सफर के लिए आसान माध्यम है। यही वजह है कि लोकल ट्रेनों में अब भीड़ दोगुना से भी ज्यादा बढ़ गई है। इसके चलते गाजियाबाद में जनरल टिकटों की बिक्री भी बढ़ गई है।

आज से स्कूल-कॉलेजों में चार दिन की छुट्टी
 कांवड़ यात्रा के चलते शुक्रवार से जनपद के सभी स्कूल-कॉलेज बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। अब 2 अगस्त को ही सभी शिक्षण संस्थान खुलेंगे। डीआईओएस राज सिंह यादव ने बताया कि कांवड़ यात्रा के चलते सभी मार्ग प्रभावित हो रहे हैं।

एक अगस्त को जलाभिषेक है और सड़कों पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में जिला प्रशासन ने जिले के प्राइमरी स्कूल से लेकर डिग्री कालेज तक का अवकाश घोषित कर दिया है।

उन्होंने बताया कि यह आदेश सभी सरकारी शिक्षण संस्थान के साथ सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों पर लागू होगा। आदेश का उल्लंघन करने पर शिक्षण संस्थान के खिलाफ कार्रवाई होगी।

हाईवे पर तीसरे दिन भी लगा जाम
 कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन द्वारा हाईवे को वन वे करने से बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी मोदीनगर और मुरादनगर में हाईवे पर जाम लगा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया। हालांकि बृहस्पतिवार को हाईवे पर वाहनों की संख्या पिछले दो दिनों की अपेक्षा कम रही।

बृहस्पतिवार को मोदीनगर में सुबह के समय राज चौपले पर जाम लग गया। कोतवाली प्रभारी की फटकार के बाद पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाया। उधर, मुरादनगर में झमाझम बारिश में कांवड़िया डांस करने के चलते बंसतपुर सैंथली के निकट हाईवे पर जाम लग गया। बाद में पुलिस के आग्रह के बाद दिल्ली के कांवड़ियों का यह दल आगे बढ़ गया तब जाकर हाईवे पर यातायात सुचारु हो सका।

मोहन नगर और लालकुआं के बीच नहीं चलेंगे ऑटो

 मोहन नगर से लालकुआं रूट पर शुक्रवार से ऑटो का संचालन बंद हो जाएगा। ऐसे में गाजियाबाद से ज्ञानी बॉर्डर और वहां से दिल्ली जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी। ट्रैफिक पुलिस की ओर से सिर्फ ज्ञानी बॉर्डर से मोहन नगर तक ही ऑटो का संचालन होने दिया जाएगा।

बता दें कि कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शुक्रवार सुबह से मोहन नगर से लालकुआं रूट पर ऑटो का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। टीआई अनिल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को ही ऑटो की संख्या कम कर दी गई है।

ज्ञानी बॉर्डर से आने वाले ऑटो को मोहन नगर पर रोक दिया जाएगा। साथ ही भोपुरा से पुराना बस अड्डा जाने वाले ऑटो को भी करहेड़ा तक ही जाने की छूट होगी। मेरठ तिराहे पर कांवड़ियों की भीड़ के चलते ऑटो संचालन पर रोक लगाई गई है।

गाजियाबाद से आने वाली रोड पर बंद होगा ट्रैफिक
ट्रैफिक पुलिस जीटी रोड पर मेरठ तिराहा से ज्ञानी बॉर्डर की ओर आने वाली रोड को ट्रैफिक के लिए बंद कर देगी। शुक्रवार सुबह से सिर्फ एक ही रोड पर दोनों ओर का ट्रैफिक दौड़ेगा। मोहन नगर से मेरठ तिराहा की ओर जा रही सिंगल रोड पर ही डिवाइडर लगाकर कर दोनों ओर का ट्रैफिक दौड़ाया जाएगा। रोड पर बाइक और कारें ही दौड़ सकेंगी।

छह माह बाद खोला गया मोहन नगर चौराहा
कांवड़ियों की सुविधा के लिए मोहन नगर चौराहे को पहले की तरह खोल दिया गया है। बृहस्पतिवार को ट्रैफिक पुलिस और सिविल डिफेंस ने पहले की तरह चौराहे पर यातायात कंट्रोल किया। टीआई ने बताया कि जीटी रोड से आकर भोपुरा की ओर जाने वाले कांवड़ियों को परेशानी न हो, इसके लिए चौराहा खोला गया है।

भारी वाहन बंद होने के चलते आसानी से ट्रैफिक कंट्रोल किया जा रहा है। एक अगस्त की रात को चौराहे को बंद कर यू टर्न से ही ट्रैफिक संचालन किया जाएगा। बृहस्पतिवार शाम को अर्थला और मोहन नगर मंदिर के सामने के यू टर्न बंद कर दिए गए।

वैशाली आकर मेट्रो लेने वालों को होगी परेशानी
ऑटो बंद होने से उन नौकरीपेशा लोगों को परेशानी होगी जो दिल्ली मे काम करते हैं और गाजियाबाद में रहते हैं। वे गाजियाबाद से ऑटो के जरिए मोहन नगर नहीं पहुंच पाएंगे, जिसके चलते सुबह वैशाली मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने में परेशानी होगी।

ऐसे में लोगों को वैशाली मेट्रो स्टेशन तक आने के अपने निजी वाहनों का प्रयोग करना पड़ेगा, जिससे मेट्रो और मल्टीलेवल पार्किंग पर दबाव पड़ेगा। 

मोहन नगर पर डायवर्जन, एनएच-24 पर जाम से जूझे लोग

 मोहननगर पर भारी वाहनों की नो एंट्री के चलते बृहस्पतिवार को एनएच-24 पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। इस दौरान सुबह करीब चार घंटे तक लोगों को जाम से जूझना पड़ा। सुबह नौ बजे से एक बजे तक लोगों को जाम से जूझना पड़ा।

कांवड़ यात्रा के चलते बुधवार रात से जीटी रोड और लिंक रोड पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया। बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली और टीएचए से भारी वाहन एनएच-24 से होकर गाजियाबाद की ओर गए।

सुबह नौ बजे वाहनों का दबाव बढ़ते ही सीआईएसएफ कट, काला पत्थर कट, नोएडा सेक्टर-62 कट पर भयंकर जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिसकर्मी जाम खुलवाने में जुटे दिखाई दिए मगर सुबह दिल्ली जाने वाले वाहनों की अधिक संख्या के चलते परेशानी जारी रही।


दोपहर करीब एक बजे वाहनों का दबाव कम होने पर जाम खुला। टीआई अनिल कुमार ने बताया कि एनएच-24 पर वाहनों का दबाव बढ़ने से परेशानी हुई थी। एक अगस्त तक मोहन नगर पर रूट डायवर्जन रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को कुछ परेशानी उठानी पड़ सकती है। कांवड़ यात्रा के बाद यातायात सामान्य हो सकेगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed