Sahibabad Accident: गाड़ी के ऊपर पलटा चावलों से भरा ट्रक, पुलिस ने कहा- बुलाया गया है वाहन मालिक
साहिबाबाद थाना प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी का कहना है कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रहे हैं। लिखित शिकायत पर अज्ञात चालक पर मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
करन गेट चौकी के पास बुधवार रात करीब 12 बजे गोल चक्कर पर चावलों के कट्टों(बोरे) से भरा ट्रक एक कार पर पलट गया। इसमें बुलंदशहर के मुरसैना ग्राम कोतवाली देहात निवासी अमित कुमार (26) की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में ट्रक का चालक भी घायल हुआ लेकिन वह मौके से फरार हो गया।
बुलंदशहर निवासी अमित कुमार राजेंद्र नगर में यश ट्रेवर्ल्स पर चालक था। वह रात करीब 12 बजे कार लेकर गोल चक्कर से घूमकर लौट रहा था। इस बीच तेज रफ्तार ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। चालक ने कार बचाने के प्रयास में गोल चक्कर की तरफ ट्रक मोड़ दिया। ट्रक का पहिया गोल चक्कर के चबूतरे पर चढ़ने से कार पर पलट गया। अमित कार के अंदर फंसकर बुरी तरह घायल हो गया। पूरे रोड पर ट्रक में रखे चावलों के कट्टे भी बिखर गए जिनसे रोड बाधित हो गया और दिल्ली वजीराबाद रोड पर वाहनों का जाम लग गया। पुलिस कंट्रोल रूम पर हादसे की सूचना दी गई। राहगीरों ने अमित को बाहर निकालने का प्रयास भी किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
कुछ देर में करन गेट चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दो हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से ट्रक उठवाकर अमित को बाहर निकलवाया। एंबुलेंस से घायल को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना परिवार और ट्रेवल्स एजेंसी के लोगों को दी गई। गांव से अमित का भाई विनीत और अन्य परिजन पहुंचे तो बेटे का शव देखकर रोने-बिलखने लगे। पुलिस ने उन्हें संभालकर तुरंत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि वाहन मालिक से संपर्क कर थाने बुलाया गया है। फिलहाल कार में दो लोग सवार बताए गए जबकि पुलिस को मौके पर कार के अंदर सिर्फ चालक अमित ही मिला।