निकायों में 87 विकास कार्यों को मिली स्वीकृति
गाजियाबाद। लंबे समय से निकायों में रुके पड़े विकास कार्यों को अब गति मिल सकेगी। सड़क-पानी जैसे अहम कार्यों को लेकर शुक्रवार को डीएम के अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्ताव रखे गए। कलक्ट्रेट सभागार में संपन्न बैठक में अवस्थापना निधि और 14वें वित्त आयोग की धनराशि के जरिए 87 विकास कार्यों को कराए जाने की मंजूरी मिली। इनमें डासना नगर पंचायत और खोड़ा नगर पालिका में सबसे अधिक 26-26 कार्यों से जुड़े प्रस्तावों को स्वीकृति मिली।
निकायों में विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव लंबे समय से अटके हुए थे। शुक्रवार को डीएम राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें एक-एक कर सभी निकायों के प्रस्ताव रखे गए। इसके बाद निवाड़ी नगर पंचायत के 12, पतला में दो, फरीदनगर में 18 और लोनी से जुड़े तीन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। जबकि खोड़ा और डासना के 26-26 प्रस्ताव पास हुए। डीएम ने प्रस्तावों को मंजूरी देने के साथ ही निर्देश दिया कि कार्य गुणवत्ता के साथ होना चाहिए। इसकी नियमित तौर पर निगरानी की जाएगी। अगर कहीं पर गुणवत्ता खराब पाई गई तो संबंधित अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास, एसडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति, एसडीएम सदर डीपी सिंह व सभी निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।