नवरात्रि: गाजियाबाद में नौ दिन मीट की दुकानें बंद रखने के निर्देश, एफएसओ का बुलडोजर वाला बयान हो रहा वायरल
एक ओर जहां महापौर ने शुक्रवार को यह निर्देश जारी किया वहीं शुक्रवार को एफएसओ का कथित वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह मीट की खुली दुकानों का नीरिक्षण करने पहुंचे हैं।
विस्तार
नवरात्रि में के दिनों में गाजियाबाद में मांस की दुकानें बंद रखने के निर्देश महापौर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिए हैं। महापौर आशा शर्मा ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया है कि धार्मिक स्थलों के आसपास और शहर में सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। शराब की दुकानों को इन दिनों बंद रखा जाए।
महापौर का कहना है कि इन दिनों लोग पूजा पाठ करते हैं और व्रत रखते हैं। जगह-जगह चौराहों और बाजारों में मांस की दुकानों के खुलने से व्रत रखने और पूजा पाठ करने वालों को दिक्कत महसूस होती है। इन दिनों लोग खानपान को लेकर काफी सादगी बरतते हैं। मेयर ने कहा कि उनकी मांस बेचने वालों से अपील है कि वह भी नौ दिनों तक दुकान न खोलकर सहयोग करें।
दो अप्रैल से 10 अप्रैल तक दुकानों को बंद रखने के लिए अपील की है। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने भी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया है कि शहर में प्रतिदिन वह स्वयं निरीक्षण करें और सफाई का विशेष ध्यान रखें।
स्वास्थ्य अधिकारी का कथित वीडियो हो रहा वायरल
एक ओर जहां महापौर ने शुक्रवार को यह निर्देश जारी किया वहीं शुक्रवार को एफएसओ का कथित वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह मीट की खुली दुकानों का नीरिक्षण करने पहुंचे हैं। वहां एनएन झा एक दुकानदार से कहते हुए सुने जा सकते हैं कि यह दुकान बंद करो। उन्होंने यह तक कहा कि अगर अब दिखाई दिया तो यहां से वहां तक बुलडोजर चलवाकर नष्ट करा दिया जाएगा।
हालांकि इस वीडियो पर अभी तक एफएसओ एनएन झा की ओर से कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।