Ghaziabad News: मकान देने का बनाया दबाव तो राजमिस्त्री ने की महिला की हत्या, सात साल से दोनों के बीच थे संबंध
डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि चरन सिंह ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि महिला के साथ उसके करीब सात साल से संबंध थे। महिला अब उसे मकान खरीदकर देने के लिए दबाव बना रही थी।
विस्तार
सात साल से प्रेम संबंध में रह रही महिला ने मकान खरीदकर देने की मांग तो राजमिस्त्री चरन सिंह ने बेटे रोहित और उसके दोस्त संदीप के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। साथ ही पुलिस को चकमा देने के लिए घटना को सड़क हादसे का रूप दे दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने राजमिस्त्री, उसके बेटे व दोस्त की पोल खोल दी। पुलिस ने पड़ताल की तो हत्या का राज खुल गया। पुलिस ने राजमिस्त्री को बेटे और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि 17 जनवरी की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि जीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र के पास धर्मकांटे के सामने महिला घायल हालत में पड़ी है। सिविल लाइन चौकी पुलिस ने महिला को एमएमजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीपी ने बताया कि गिरधरपुर सुनारसी गौतमबुद्धनगर निवासी चरन सिंह उसके बेटे रोहित और दोस्त संदीप निवासी दौलतपुरा ने लालकुआं के पास एक ट्रॉला चालक को पकड़ा।
उन्होंने चालक को कहा कि उसने एक महिला को टक्कर मार दी है। मारपीट कर उसका वीडियो भी बना लिया। इस पर ट्रक चालक को भी विश्वास हो गया कि शायद उसी के ट्रक से महिला को टक्कर लगी है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर ट्रक जब्त कर लिया। महिला के पति अमृत ने ट्रक चालक के खिलाफ कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अगले दिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला दबाना और दम घुटना आई तो पुलिस ने सर्विलांस के जरिए पड़ताल की तो वारदात परत दर परत खुलती चली गई।
महिला के एक्सीडेंट की जानकारी गांव में भी दी
17 जनवरी को सड़क दुर्घटना की कहानी चरन सिंह और उसके बेटे रोहित ने गांव में भी बताई। ट्रक ड्राइवर का वीडियो भी दिखाया ताकि महिला के पति को भी विश्वास हो जाए। इसके बाद महिला के पति अृमत ने गाजियाबाद पहुंच रिपोर्ट दर्ज कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने उसके पति से भी पूछताछ की। इस पर उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी चरन सिंह नाम के व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध थे और वह उसके साथ अक्सर बाहर चली जाती थी।
हत्या से पहले चरन सिंह के साथ थी महिला
डीसीपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि जांच में महिला और आरोपियों की फोन की लोकेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो पता चला कि पास के ही एक होटल में चरन सिंह और महिला करीब पौने छह घंटे रहे। दोपहर करीब दो बजे वह होटल में गए थे और रात करीब पौने आठ बजे बाहर निकले। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर ली। जांच में पता चला है कि चरन सिंह अक्सर उस महिला को साथ लेकर होटल में आता था और कई घंटे साथ रहते थे।
पिता होटल में था, बेटा बाहर दोस्त के साथ कर रहा था इंतजार
डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि चरन सिंह ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि महिला के साथ उसके करीब सात साल से संबंध थे। महिला अब उसे मकान खरीदकर देने के लिए दबाव बना रही थी। इसकी जानकारी चरन सिंह के बेटे रोहित को लगी तो उसने कहा कि तुमने पहले ही हमारी जिंदगी नरक बना रखी है, इसका कुछ इलाज करो नहीं तो मैं तुम्हें भी नहीं छोड्ूंगा। इस पर महिला को रास्ते से हटाने के लिए योजना बनाई गई। 17 जनवरी को चरन सिंह और उसके बेटे रोहित ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। उसका दोस्त कार चला रहा था।
आरोपियों के परिजनों ने थाने पर किया प्रदर्शन
चरन सिंह, रोहित और संदीप के परिजनों ने कविनगर थाने पर प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस ने ट्रक चालक को बचाने और चरन सिंह, रोहित व संदीप को फंसाने का आरोप लगाया। रोहित की मां राजेश्वरी का कहना है कि उसके पति और बेटे निर्दोष है। पुलिस ने पांच दिन से उन्हें पीट-पीटकर हत्या की बात कुबूल कराई है। संदीप की मां कांता का कहना है कि उनका बेटा अपने काम पर गया था, पुलिस ने वहीं से उसे उठा लिया। उन्होंने भी पुलिस पर बेटे को झूठे आरोप लगाकर फंसाने का आरोप लगाया है।