20 लाख की रंगदारी मांगने का आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद। लोहिया नगर निवासी कारोबारी राजा उर्फ रोनिल ओबराय से 20 लाख की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी संपूर्णानंद उर्फ काले अनेजा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से लाइसेंसी रिवाल्वर, कारतूस और होंडा सिटी कार बरामद की गई है। आरोपी ने कारोबारी की हत्या करने की सुपारी भी दी थी। पुलिस आरोपी के अन्य साथी और शूटर की तलाश कर रही है।
राजा उर्फ रोनिल ओबराय का कार खरीदने-बेचने का कारोबार है। राजा का कहना है कि लाल क्वार्टर निवासी संपूर्णानंद उर्फ काले अनेजा से पहचान थी। 12 जुलाई को वह अपने साथी प्रदीफ कुमार शर्मा और अमित गढ़वाली के साथ कार में थे। इसी दौरान काले अनेजा और उसके साथी योगेश व अन्य लोग आए और उन पर रिवाल्वर तान कर दो दिन में 20 लाख रुपये की रंगदारी देने की बात कही। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी। परिचित होने की वजह से उन्हें इस घटना पर भरोसा नहीं हुआ और कोई कार्रवाई नहीं की। 19 सितंबर की सुबह जब वह अपने कार्यालय जा रहे थे तो रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल दिखाते हुए उन्हें रोक लिया कहा कि तेरी सुपारी ले ली है, सात दिन में काले अनेजा को 20 लाख रुपये न दिया तो गोली मार देंगे। सिहानी गेट थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा का कहना है कि मामले में काले अनेजा, योगेश और अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर टीम जांच में लगी थी। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।