स्कूल बस में छात्र की मौत: पुलिस ने आरोपी प्रधानाचार्य को थाने से छोड़ा, अनुराग के परिजनों ने किया हंगामा
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर में एक दर्दनाक हादसे में चौथी कक्षा के 10 वर्षीय छात्र अनुराग भारद्वाज की मौत हो गई। दरअसल, दयावती मोदी पब्लिक स्कूल के छात्र ने स्कूल की चलती बस से सिर निकाला और वह लोहे के गेट से टकरा गया।
विस्तार
मोदीनगर के दयावती मोदी पब्लिक स्कूल के कक्षा चार के छात्र अनुराग भारद्वाज की मौत के मामले में पुलिस ने प्रिंसिपल नेत्रपाल को थाने से गुरुवार सुबह ही छोड़ दिया। जैसे ही यह खबर परिजनों को लगी उन्होंने थाने के सामने हंगामा करते हुए दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया।
ये है पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर में एक दर्दनाक हादसे में चौथी कक्षा के 10 वर्षीय छात्र अनुराग भारद्वाज की मौत हो गई। दयावती मोदी पब्लिक स्कूल के छात्र ने स्कूल की चलती बस से सिर निकाला और वह लोहे के गेट से टकरा गया। छात्र की मां ने स्कूल के मालिक और मोदी इंडस के चेयरमैन उमेश कुमार मोदी, स्कूल के प्रधानाचार्य नेत्रपाल सिंह व बस चालक ओमवीर के खिलाफ रंजिश में हत्या करने का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने प्रधानाचार्य व बस चालक को गिरफ्तार किया था। हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे स्कूल से 300 मीटर पहले हुआ। बस में सवार अन्य छात्रों के अनुसार अनुराग ने उल्टी करने के लिए सिर खिड़की से बाहर निकाला था। सिर बाहर निकलते ही लोहे के गेट से टकरा गया।
वहीं, अनुराग की मां ने बताया कि सुबह स्कूल से सूचना दी गई कि बच्चे को चोट लगने के बाद स्कूल ले जाया गया है। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनुराग मुरादाबाद में सीएमओ आफिस में तैनात नितिन भारद्वाज का इकलौता बेटा था।