कौशांबी। थाना क्षेत्र के एक्सप्रेशन टावर में मंगलवार रात डेढ़ बजे सातवें फ्लोर पर फ्लैट नंबर 709 में एसी के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बेडरूम में सो रहे दंपती को धुएं से सांस लेने में तकलीफ हुई तो उन्होंने शोर मचाया। सूचना पर अग्निशमन की दो गाड़ियों के साथ पहुंचे अधिकारी, कर्मियों ने तुरंत पास के दो-तीन फ्लैटों में फंसे बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चों को सीढ़ियों से नीचे उतारकर सकुशल बाहर निकाला। टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि एक्सप्रेशन टावर में आग की सूचना पर वैशाली स्टेशन से तुरंत दो गाड़ियां रवाना कर दी थीं। 7वें तल में फ्लैट में अभिजीत परिवार के साथ रहते हैं। रात में सभी बेडरूम में एसी चलाकर सो रहे थे। आग लगने के बाद पूरे टावर में धुआं फैलने लगा था। टीम के कर्मियों ने होज लाइन फैलाकर फायर फाइटिंग करना शुरू किया। धुआं इतना ज्यादा था कि आग को बुझाने में दिक्कत हो रही थी। सीएफओ का कहना है कि आग से घर में रखे बेड, सोफा, टिन अलमीरा, फ्रिज व अन्य सामान जल गए।