{"_id":"581391e54f1c1b250ebc1af9","slug":"with-the-explosion-in-cracker-factory-fire-one-killed","type":"story","status":"publish","title_hn":"धमाके के साथ पटाखा फैक्ट्री में लगी आग, एक की मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
धमाके के साथ पटाखा फैक्ट्री में लगी आग, एक की मौत
ब्यूरो , अमर उजाला गाजियाबाद
Updated Sat, 29 Oct 2016 12:29 AM IST
विज्ञापन
अपराध
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आखिरकार वही हुआ, जिसका डर था। अमर उजाला के चेताने के बावजूद प्रशासन ने लापरवाही बरती। इसी का नतीजा रहा कि शुक्रवार को पटाखा फैक्ट्री में धमाके के साथ लगी आग में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें जीटीबी में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
धमाके बाद गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची अग्निशमन की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।फर्रुखनगर निवासी इश्तेकार की भनेड़ा गांव के खेत में पटाखा फैक्ट्री है। सुबह साढ़े सात बजे तेज धमाके के साथ फैक्ट्री में आग लग गई।
विज्ञापन
फैक्ट्री में काम कर रही एक महिला और तीन युवक बाहर की ओर दौड़े लेकिन इसी दौरान दीवार गिरने से मलबे में दब गए और आग की चपेट में आ गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मलबे में दबे मजदूर इमरान (36) और उमेश निवासी फर्रुखनगर को लोगों की मदद से निकाला। सभी घायलों को तत्काल ही जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरान की मौत हो गई। हादसे में झुलसी महिला और एक अन्य मजदूर की हालत भी गंभीर है।
बतादें कि अमर उजाला ने 14 अक्तूबर को ‘फर्रुखनगर में बच्चे बना रहे बम’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बावजूद प्रशासन ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए।एफएसओ अब्दुल अब्बास ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं।
हालांकि आसपास के लोगों का कहना है कि एक मजदूर बीड़ी पी रहा था, जिसकी चिंगारी से बारूद में आग लगने से यह हादसा हुआ। एसडीएम हनुमान प्रसाद ने बताया कि फैक्ट्री का लाइसेंस इकरार निवासी फर्रुखनगर के नाम पर है, जबकि फैक्ट्री का संचालन इश्तेकार कर रहा था। फैक्ट्री में अग्निशमन के इंतजाम भी अधूरे थे।
धमाके में उड़ गईं प्रशासन के दावों की धज्जियां
पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके ने प्रशासन के तमाम दावों की पोल खोल दी। न तो फैक्ट्री में अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम थे और न ही मजदूरों को फायर उपकरण चलाने की ट्रेनिंग दी गई थी। मानकों को ताक पर रखकर फैक्ट्री चल रही थी।
धमाका इतना जबरदस्त था कि करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर बने मकानों में रहने वाले लोग भी दहल उठे। अब प्रशासन का दावा है कि हादसे के कारणों की जांच के बाद फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सुबह करीब साढ़े सात बजे हुए धमाके से फैक्ट्री के छत की टीन करीब 20 फीट ऊपर पेड़ पर जाकर टंग गई। मजदूर इमरान, उमेश समेत महिला और एक अन्य मजदूर बाहर भागते वक्त आग की चपेट में आ गए और धमाके से गिरी दीवार के नीचे दब गए।
गनीमत रही कि आसपास कोई और पटाखा फैक्ट्री नहीं थी, वरना हादसा और बड़ा हो सकता था। इमरान समेत बाकी मजदूर करीब 15 मिनट मलबे में दबे रहे। मगर भीषण आग के चलते लोग उन्हें बाहर नहीं निकाल सके। बाद में उन्हें निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरान की मौत हो गई।
फैक्ट्री में अगिभनशमन इंतजाम के नाम पर छह फायर सिलेंडर तो थे, मगर मजदूर उन्हें चलाना तक नहीं जानते थे। छह सिलेंडर एक्सपायरी डेट के थे, जो किसी काम के नहीं थे।
हालांकि एसडीएम हनुमान प्रसाद का कहना है कि कुछ समय पहले सभी फैक्ट्रियों की चेकिंग की गई थी। सभी में अगिभनशमन के इंतजाम भी थे। अब जांच की जा रही है कि कैसे यहां एक्सपायरी सिलेंडर पहुंचे। जहां एसडीएम का दावा था कि फैक्ट्री में 8-10 किलो ही बारूद था वहीं, लोगों का कहना था कि 100-150 किलो तक बारूद स्टोर कर लिया गया था।
करीब पौने घंटे बाद पहुंची दमकल की गाड़ी
हादसे के बाद लगातार गांव के लोग दमकल विभाग को सूचना देते रहे मगर करीब पौने घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। इस दौरान लोग सभी घायलों को पुलिस के साथ मिलकर अस्पताल पहुंचा चुके थे।
लोगों का कहना है कि अधिकारियों ने कहा था कि दिवाली के सीजन के दौरान एक फायर ब्रिगेड वहीं तैनात रहेगी मगर प्रशासन का यह दावा भी खोखला निकला। हालांकि सीएफओ अक्षय रंजन ने बताया कि लोनी में कई आग की सूचनाओं के चलते फायर ब्रिगेड को शहर के बीच तैनात किया गया था।
खेतों के बीच बनी फैक्ट्री तक पहुंचने में गाड़ी को कुछ देर हुई। आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन मामले की लीपापोती में लगा है। लोगों का यह भी दावा है कि फैक्ट्री में 8-10 लोग थे। हादसे को छोटा दिखाने के लिए उन्हें छिपा कर भगा दिया गया।
पिछले साल भी धनतेरस पर हुआ था बड़ा हादसा
इसे इत्तेफाक कहा जाए या लापरवाही मगर पिछले साल भी धनतेरस के दिन ही फर्रुखनगर की एक पटाखा फैक्ट्री में धमाके के साथ आग लग गई थी। इस आग में किसी की जान तो नहीं गई थी मगर लाखों रुपये के माल का नुकसान हुआ था। पिछले तीन साल में करीब आधा दर्जन हादसों के बाद भी प्रशासन ने सबक नहीं लिया है।
यूं होता है हादसा
पटाखे बनाने के लिए फास्फोरस, मिट्टी और वोरा नाम के तीन पदार्थ का उपयोग होता है। काला फास्फोरस बेहद ज्वलनशील होता है। इसकी मात्रा में जरा सी चूक होने पर भी हादसे का खतरा रहता है।
ज्यादातर हादसे फास्फोरस की मात्रा अधिक होने पर होते हैं। फर्रुखनगर की ज्यादातर फैक्ट्रियां लघु उद्योग हैं, जहां हाथ से काम होता है। यहां वोरा की सही मात्रा का पता ही कारीगरों को नहीं होता है।
सिर्फ अंदाजे से काम होता है, जिसके चलते अक्सर अधिक बारूद डल जाता है, जो चिंगारी मिलते ही आग पकड़ लेता है। यह कारीगर भी अप्रशिक्षित होते हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल होती हैं। श्रम अधिनियम के तहत मिलने वाली कोई सुविधा इन्हें नहीं मिलती। बीमा न होने के कारण हादसा होने पर इन्हें कोई लाभ नहीं मिल पाता।