Ghaziabad: क्लासरूम में गंदगी करने पर स्कूल से बच्चे का नाम काटा, मां ने एसडीएम से की शिकायत
एसडीएम ने मामले में जांच की बात कही है। नगर की मंगलविहार कॉलोनी निवासी महिला मंगलवार को बच्चे को लेकर तहसील मुख्यालय पहुंची और एसडीएम संतोष राय को एक शिकायती पत्र सौंपा।
विस्तार
गाजियाबाद के मोदीनगर के हापुड़ मार्ग स्थित दयावती मोदी पब्लिक स्कूल में केजी के बच्चे का पेट खराब हो गया तो प्रबंधन ने उसे स्कूल से निकाल दिया। बच्चे की मां ने यह आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत एसडीएम से की है।
एसडीएम ने मामले में जांच की बात कही है। नगर की मंगलविहार कॉलोनी निवासी महिला मंगलवार को बच्चे को लेकर तहसील मुख्यालय पहुंची और एसडीएम संतोष राय को एक शिकायती पत्र सौंपा। महिला ने बताया कि बीते शनिवार को उनके पुत्र को पेचिश लगी थी। इस कारण बच्चे ने क्लास रूम में शौच कर दिया। स्कूल खुलने के बाद बच्चा वहां पहुंचा तो प्रबंधन ने बच्चे को लेने से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने बच्चे का नाम काट दिया। एसडीएम संतोष राय ने बताया कि मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर, स्कूल की उप-प्रधानाचार्या गुरमीत गुप्ता ने बताया कि बच्चे ने अन्य बच्चों की शिक्षण सामग्री सहित कई स्थानों पर गंदगी की। बच्चे को स्कूल में न लेने का कारण परिजनों को बता दिया गया है। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है।