बुलंदशहर। जनपद के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में अनामिका शुक्ला नाम की शिक्षिका द्वारा फर्जी तरीके से नौकरी करने के मामले में जांच जारी है। उक्त प्रकरण में चल रही जांच के बीच बैंक ने जांच कमेटी को उसके खाते की डिटेल देने से मना कर दिया है। इस पर अब बीएसए ने संबंधित बैक मैनेजर को पत्र लिखकर दो दिन में पूरा रिकार्ड मांग लिया है। रिकार्ड मिलने पर अब बैंक खाते से हुए लेनदेन से पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा होगा। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में फर्जी शिक्षिका अनामिका शुक्ला ने स्याना के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में भी वार्डन के पद पर नौकरी की थी। इसका खुलासा होने पर बीएसए ने जांच के लिए तीन सदस्य कमेटी का गठन कर दिया। कई दिन पूर्व कमेटी संबंधित बैंक में उस खाते का रिकॉर्ड लेने गई थी, जिसमें अनामिका शुक्ला के खाते में मानदेय भेजा गया था। लेकिन बैंक प्रबंधक ने जांच कमेटी को डिटेल देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद अब बीएसए ने मामले में संबंधित बैंक के प्रबंधक को पत्र लिखकर अनामिका शुक्ला के खाते का पूरा विवरण मांगा है। खाता कब खुला, खाते में गारंटर कौन है तथा कितने ट्रांजेक्शन खाते में की गई है। इससे संबंधित पूरी जानकारी बैंक प्रबंधक से मांगी गई है। बताया गया कि खाते की डिटेल से ही अनामिका शुक्ला के पास पहुंचा जाएगा, क्योंकि खाते में पूरा रिकॉर्ड उसके द्वारा भरा गया होगा। गारंटर और आधार नंबर से विभाग को काफी जानकारी हासिल हो जाएगी। वहीं, दूसरी ओर अनामिका शुक्ला के मामले का खुलासा करने में अफसरों के पसीने छूट रहे हैं। कोट अनामिका शुक्ला के नाम से जिस बैंक में खाता है उसके बैंक प्रबंधक ने जांच कमेटी को खाते की जानकारी देने से इंकार कर दिया गया था। इस मामले में बैंक को पत्र लिखा गया है। दो दिन के भीतर पूरी जानकारी बैंक से ली जाएगी। इसके बाद फिर आगे की कार्रवाई होगी। - अखंड प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बुलंदशहर