बुलंदशहर मारपीट मामला: लापरवाही पुलिस को पड़ी भारी, एसएसपी हाईकोर्ट में तलब, इंस्पेक्टर लाइन हाजिर और उपनिरीक्षक निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में वर्ष 2019 में हुए एक मारपीट के मामले में वादी को सुरक्षा प्रदान न करना और हाईकोर्ट में उसकी शिकायत पर लापरवाही बरतना बुलंदशहर पुलिस को भारी पड़ गया है। हाईकोर्ट ने एसएसपी को तलब कर लिया है। वहीं, हाइकोर्ट से तलबी का फरमान जारी होने पर एसएसपी ने सीओ अनूपशहर को कार्यालय से संबद्ध कर दिया है और इंस्पेक्टर अनूपशहर को लाइन हाजिर करते हुए जांचकर्ता उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया है।
वर्ष 2019 में अनूपशहर निवासी अशरफ ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उस पर कुछ दबंगों ने जानलेवा हमला किया है। जिसमें उसके कान का पर्दा भी फट गया था, साथ ही उस को गंभीर चोट पहुंची थी। पुलिस ने प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर ली थी।
अशरफ इस प्रकरण की लगातार पैरवी कर रहे थे। अशरफ ने बताया कि बीते कुछ समय से पैरवी करने के कारण आरोपी पक्ष द्वारा उन्हें धमकियां दी जा रही थीं। इस संबंध में उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर अनूपशहर थाना पुलिस ने पीड़ित को कोई जान का खतरा न दर्शाते हुए आख्या प्रस्तुत कर दी थी। जिसके बाद पीड़ित ने एक बार फिर हाईकोर्ट में अपील करते हुए सुरक्षा की मांग की और प्रकरण को अन्य न्यायालय में स्थानांतरित करने की भी गुजारिश की थी। इस मामले में गत 13 मार्च को बुलंदशहर पुलिस ने हाईकोर्ट में काउंटर दाखिल करते हुए पीड़ित के आरोपों को निराधार बताया था।
वहीं अब मामले में न्यायालय ने संज्ञान लेते हुए बुलंदशहर पुलिस की लापरवाही मानी, साथ ही एसएसपी को हाईकोर्ट तलब कर लिया। एसएसपी को बुधवार को हाईकोर्ट में पेश होना है। एसएसपी ने पेशी से पूर्व अनूपशहर पुलिस की लापरवाही सामने आने पर कार्यवाही करते हुए सीओ अनूपशहर रमेश चंद्र त्रिपाठी को कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। साथ ही इंस्पेक्टर अनूपशहर प्रेमचंद शर्मा को लाइन हाजिर, जांचकर्ता उप निरीक्षक केवल सिंह को निलंबित कर दिया है। साथ ही एसएसपी ने पूरे प्रकरण की जांच एसपी क्राइम को सौंप दी है।
अनूपशहर पुलिस द्वारा एक मामले में हाईकोर्ट में लापरवाही बरतना सामने आया है। जिस पर एसएसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामले की जांच सौंपी है। जल्द ही जांच कर रिपोर्ट प्रेषित कर दी जाएगी। - कमलेश बहादुर, एसपी क्राइम