{"_id":"5892161c4f1c1b7c3de8313c","slug":"akhilesh-kept-the-class-specific-votes","type":"story","status":"publish","title_hn":"वोट बंटे तो भाजपा-बसपा कर लेंगे गठबंधनः अखिलेश ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वोट बंटे तो भाजपा-बसपा कर लेंगे गठबंधनः अखिलेश
ब्यूरो , अमर उजाला गाजियाबाद
Updated Thu, 02 Feb 2017 12:35 AM IST
विज्ञापन
अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के सियासी ‘दंगल’ में विरोधियों को पटखनी देने के लिए अखिलेश यादव की जनसभा में बात तो सभी वर्गों की हुई, लेकिन वर्ग विशेष के वोटों को साधने में भी वह पीछे नहीं रहे। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि आपके वोट बंटे तो फायदा बसपा को होगा और बसपा फिर भाजपा के साथ मिल जाएगी।
विज्ञापन
सपा से धौलाना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी धर्मेश तोमर के समर्थन में मसूरी स्थित मदनी एंक्लेव में हुई जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि आपका एक-एक वोट सपा को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मन की बात करने वालों से भी सावधान रहना।
विज्ञापन
हेलीकॉप्टर से हरसांव स्थित पुलिस लाइंस पहुंचे अखिलेश यादव यहां से सड़क मार्ग से मसूरी जनसभा में पहुंचे। 1:05 घंटे देरी से पहुंचे अखिलेश यादव ने मंच पर आने के पांच मिनट बाद ही माइक थाम लिया और जनता को अपने कार्यकाल की उपलब्धियां बताईं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था पर विरोधी हमेशा कटाक्ष करते थे, लेकिन ‘डायल 100’ सेवा के लागू होने के बाद अब 24 घंटे कभी भी मदद मांगो, तत्काल मिलेगी। पुलिस अधिकारी जनता से सम्मान से बात करेंगे। उन्होंने अपने चुनावी घोषणा पत्र को भी दोहराया।
कांग्रेस से गठबंधन पर उन्होंने कहा कि दोनों दलों की कमान युवा नेताओं के हाथ में हैं और दोनों की सोच भी जनता के लिए काम करने की है। इस गठबंधन से भाजपा घबराई हुई है। गठबंधन के लोकसभा चुनाव में भी जारी रहने के संकेत देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जब तक भाजपा को नहीं उखाड़ देंगे, तब तक साथ रहेंगे। देश की राजनीति बदलेंगे।
उन्होंने बिना नाम लिए वर्ग विशेष को चेताया कि आपके सबसे ज्यादा करीब सपा ही है, चुनाव में गुमराह मत होना। आरोप लगाया कि पहले बसपा ने भाजपा को अपने वोट ट्रांसफर करा दिए थे, अब वोट बंटा तो वह फिर भाजपा के साथ मिल जाएगी।
उन्होंने कहा कि गठबंधन के बाद अब तो सर्वेक्षण भी बता रहे हैं कि प्रदेश में सपा-कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ दल सांप्रदायिकता का ‘जहर’ घोल रहे हैं, लेकिन उनका समय खत्म हो गया है। अब ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ करने वालों से सावधान रहें। मन बहुत चंचल होता है, पता नहीं आपको कहां ले जाएंगे।
भाजपा के 24 घंटे बिजली देने के वादे पर चुटकी लेते हुए कहा कि 24 घंटे बिजली तो सपा पहले ही दे रही है। अब ज्यादा बिजली देनी है तो भाजपाइयों को दिन के घंटे बढ़ाने पड़ेंगे।अखिलेश यादव ने भाजपा पर उनके घोषणा पत्र की नकल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हम पहले ही लैपटॉप बांट रहे हैं, अब भाजपा ने इसे एजेंडे में शामिल किया।
बिजली, सड़क, पेंशन की योजनाएं भी सपा पहले से ही चला रही है। सपा का पारिवारिक विवाद चुनावी जनसभा में भी दिखा। मसूरी में जनसभा के होर्डिंग्स पर अखिलेश यादव, प्रत्याशी धर्मेश तोमर, राहुल गांधी और आजम खां का फोटो तो था, लेकिन समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का फोटो नहीं था।
दो दिन पहले ही मुलायम सिंह ने अपने समर्थकों से कांग्रेस प्रत्याशियों को हराने की अपील कर मन की कड़वाहट को जग जाहिर कर दिया था। माना जा रहा है कि यह उसी का असर है कि सपा प्रत्याशियों के चुनावी होर्डिंग्स से मुलायम सिंह यादव के फोटो भी गायब होने लगे हैं। हालांकि सपा नेता इस पर कुछ भी बोलने से बचते रहे।
..
झलकियां
पुलिस से परेशान व्यक्ति ने बेरिकेडिंग फांदी, सीएम ने बुलाया
पुलिस से परेशान पिलखुवा के हाबल गांव निवासी हाजी अब्दुल जब्बार ने सभा के दौरान बेरिकेडिंग फांद मुुख्यमंत्री के मंच की तरफ जाने का प्रयास किया तो सुरक्षा अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों और कांस्टेबलों ने उसे मंच से पहले ही पकड़ लिया और वापस ले जाने लगे।
इस दौरान अखिलेश यादव की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने उसे अपने पास बुलाया। अब्दुल जब्बार का आरोप था कि कविनगर पुलिस ने उस पर चोरी के झूठे पांच मुकदमे दर्ज कर दिए और मारपीट की। मुख्यमंत्री ने उसे न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
..
आशु मलिक अपने भाई के साथ दिखे मंच पर
सपा में पारिवारिक विवाद के दौरान अखिलेश यादव के गुस्से का शिकार बने एमएलसी आशु मलिक बुधवार को फिर मुख्यमंत्री के साथ मंच पर नजर आए। इस बार आशु के भाई व जिला पंचायत अध्यक्ष नूरहसन मलिक भी साथ थे। आशु मलिक मुलायम खेमे के नेता माने जाते हैं। ऐसे में मंच पर उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बन गई।
..
चुनिंदा नेताओं को मिली मंच पर जगह, मुन्नी भी रहे मंच पर
मुख्यमंत्री की जनसभा में मंच पर चुनिंदा नेताओं को ही जगह मिली। इनमें एमएलसी राकेश यादव, हापुड़ जिलाध्यक्ष किशन सिंह तोमर, प्रत्याशी धर्मेश तोमर, मो.अब्बास, कांग्रेस नेता सतीश शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र शिशौदिया, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन, महानगर अध्यक्ष संजय यादव, पूर्व विधायक सुरेंद्र मुन्नी भी शामिल रहे।
..
बसपा के तीन नेताओं ने थामा सपा का दामन
चुनावी जनसभा के दौरान बसपा के तीन नेताओं ने सपा का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में बसपा नेता बासित प्रधान, पूर्व प्रधान इस्ते उर्फ इस्तेकार, पूर्व प्रमुख राकेश पहलवान सपा में शामिल हो गए। इनके शामिल होने से धौलाना विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के समीकरण बदल सकते हैं।
बसपा से पूर्व में विधानसभा प्रत्याशी रहे बासित प्रधान ने बसपा मुखिया पर पैसा लेकर टिकट बांटने का आरोप लगाया।अखिलेश यादव के जाते ही समर्थकों की भीड़ मच पर चढ़ गई। युवा समर्थकों ने मंच पर हुड़दंग मचाया। उन्होंने झंडे, फूल मालाएं, गुलदस्ते तोड़ दिए और सेल्फी लेने लगे। उन्होंने अखिलेश के होर्डिंग्स भी तोड़ दिए।