30-40 मरीज रोजाना तोड़ रहे दम : बुलंदशहर में 40 दिन में डेढ़ गुना तो खुर्जा में तीन गुना मौत, मृत्यु प्रमाणपत्र दे रहे आंकड़ों की गवाही
जनपद में कोरोना संक्रमितों की प्रतिदिन मौत हो रही है और स्वस्थ्य विभाग द्वारा नाममात्र लोगों की संक्रमण से मौत होने की पुष्टि की जा रही है। जबकि नगर समेत जनपदभर के श्मशान घाट पर प्रतिदिन औसतन 30 से 40 शवों के अंतिम संस्कार हो रहे हैं।
विस्तार
बुलंदशहर जनपद में कोरोना की दूसरी लहर में हो रही मौतों के आंकड़ों की गवाह इन दिनों निकाय कार्यालयों में आ रहे मृत्यु प्रमाणपत्र (डेथ सर्टिफिकेट) के आवेदन दे रहे हैं। यह हालात तब हैं जब इनमें सरकारी चिकित्सालयों द्वारा जारी प्रमाणपत्रों की संख्या शामिल नहीं हैं। बुलंदशहर नगर पालिका में पिछले वर्ष की तुलना में डेढ़ गुना से अधिक तो खुर्जा नगर पालिका में तीन गुना आवेदन बढ़ गए हैं।
बुलंदशहर नगर पालिका में एक अप्रैल से 10 मई तक वर्ष 2020 में 89 मृत्यु प्रमाणपत्र बने थे, जबकि इस बार 145 मृत्यु प्रमाणपत्र बने हैं। जो कि पिछले वर्ष के इसी अवधि की अपेक्षा 1.60 फीसदी से अधिक हैं। वहीं, खुर्जा नगर पालिका क्षेत्र में रोजाना ही औसतन बीस संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमण फैल चुका है। कई स्थानों पर जांच न हो पाने के कारण संक्रमित मरीजों और बीमारी से मरने वालों की पुष्टि भी नहीं हो पाई है।
क्षेत्र में मृतकों की संख्या बढ़ने से नगर पालिका में इस साल मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने वालों की संख्या भी बढ़ी है। पिछले साल की अपेक्षा नगर पालिका में डेथ सर्टिफिकेट भी तीन गुना अधिक बने हुए हैं। पिछले साल एक अप्रैल से दस मई के बीच जहां 35 मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए गए थे, वहीं इस साल 109 मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए जा चुके हैं।
बुलंदशहर नगर पालिका द्वारा एक अप्रैल से 10 मई तक जारी प्रमाणपत्र
वर्ष प्रमाणपत्र की संख्या
2018 137
2019 60
2020 89
2021 145
खुर्जा नगर पालिका द्वारा एक अप्रैल से 10 मई तक जारी प्रमाणपत्र
वर्ष प्रमाणपत्र की संख्या
2018 100
2019 95
2020 35
2021 109
जनपद में कोरोना संक्रमितों की प्रतिदिन मौत हो रही है और स्वस्थ्य विभाग द्वारा नाममात्र लोगों की संक्रमण से मौत होने की पुष्टि की जा रही है। जबकि नगर समेत जनपदभर के श्मशान घाट पर प्रतिदिन औसतन 30 से 40 शवों के अंतिम संस्कार हो रहे हैं। सबसे अधिक अंत्येष्टि नगर के देवीपुरा, भूतेश्वर और अनूपशहर गंगा किनारे स्थित श्मशान घाट पर हो रही है। जिनकी पुष्टि अप्रैल माह से नगर पालिका में मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आ रहे आवेदन दे रहे हैं।
कोरोना से अब तक 148 लोगों की हो चुकी है मौत
सरकारी आंकड़ों की मानें तो संक्रमण काल के शुरू होने से लेकर 10 मई तक कुल 148 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 31 मार्च 2021 तक कुल 94 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, दूसरी लहर में संक्रमण की रफ्तार तेज होने पर मौत के आंकड़ों में भी बढ़ोत्तरी हुई है। एक अप्रैल से 10 मई तक स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुल 54 लोगों की इस संक्रामक बीमारी की चपेट मे आने से जान गई है।
कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों का प्रमाणपत्र कोविड अस्पताल से बनाया जा रहा है। जो भी आवेदन करता है अधिकांश में नार्मल या हार्टअटैक से मौत होने का कारण बताता है। कभी लोग देरी से बनवाते हैं तो कभी जल्दी आवेदन करते हैं। - मनोज रस्तोगी, पालिका ईओ बुलंदशहर
कोरोना के चलते मौत का आंकड़ा बढ़ा है। ऐसे में मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पिछले साल के मुकाबले लोगों की संख्या बढ़ी है। जो भी आवेदन कर रहा है उनके मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं। - जेके आनंद अधिशासी अधिकारी नगर पालिका खुर्जा
मौत की वजह कोई भी हो सकती हैं। लंबी बीमारी, सड़क हादसा या अन्य वजह से भी लोगों की मौत हो रही हैं। कोरोना संक्रमण से जो मौत हो रही है उनका डाटा प्रतिदिन शासन को भेजा जा रहा हैं। - डॉ. भवतोष शंखधर, सीएमओ