फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   उद्घाटन के बाद आम जनता के लिए चालू हुआ वसुंधरा फ्लाईओवर

उद्घाटन के बाद आम जनता के लिए चालू हुआ वसुंधरा फ्लाईओवर

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Fri, 07 Jun 2019 01:41 AM IST
विज्ञापन
उद्घाटन के बाद आम जनता के लिए चालू हुआ वसुंधरा फ्लाईओवर
जनता के लिए खुला वसुंधरा फ्लाईओवर
विज्ञापन

साहिबाबाद। केंद्रीय राज्य मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग वीके सिंह ने बृहस्पतिवार को वसुंधरा कट फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही फ्लाईओवर को सुबह साढे़ 11 बजे से आम जनता के लिए खोल दिया गया। इसके चालू होने से लिंक रोड पर लोगों को जाम से निजात मिली।
जीडीए ने सेतु निगम से 6 लेन के इस फ्लाईओवर को 49 करोड़ की लागत से बनवाया है। इसकी लंबाई 586 मीटर है। लिंक रोड पर मोहननगर से आनंद विहार की तरफ आगे बढ़ने पर साहिबाबाद गांव के सामने यह फ्लाईओवर बनाया गया है। इसके चालू होने से मोहननगर से साहिबाबाद मंडी तक की रोड सिग्नल फ्री हो गई। पहले वसुंधरा कट पर भारी जाम लगता था, अब इस जाम का सामना नहीं करना होगा, साथ ही लिंक रोड पर मोहननगर से आनंदविहार के बीच के ट्रैफिक को गति मिल जाएगी। वहीं मंडी, साइट फोर और मोहननगर की कॉलोनियों की तरफ से वसुंधरा आने वाले लाखों वाहन चालकों को भी इसका फायदा मिलेगा। विभिन्न दिशा से वसुंधरा की तरफ आने वाले ट्रैफिक को फ्लाईओवर के नीचे से गुजारा जाएगा। दिल्ली से वसुंधरा व सीआईएसएफ रोड के रास्ते नोएडा जाने वाले वाहन चालकों को भी इसका लाभ मिलेगा।
विज्ञापन

2 अक्तूबर 2016 में जीडीए के तत्कालीन वीसी विजय यादव ने फ्लाईओवर के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया था। इसे एक साल के अंदर चालू करने की घोषणा की गई थी। लेकिन इसके निर्माण में कई अड़चनें आई। वृक्षों की कटाई और लाइन शिफ्टिंग में लंबा समय लग गया। इस कारण इसे बनने में लगभग पौने तीन साल लग गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


फ्लाईओवर को लेकर पुलिस ने बनाया अस्थाई ट्रैफिक प्लान
साहिबाबाद। जीडीए ने वसुंधरा कट फ्लाईओवर को चालू तो कर दिया लेकिन फ्लाईओवर को लेकर कोई ठोस ट्रैफिक प्लान अब तक नहीं बनाया गया है। यातायात पुलिस का कहना है कि अभी फ्लाईओवर के पास निर्माण सामग्री फैली हुई है, जिसे हटाने और वसुंधरा कट स्थित पुलिस बूथ को फ्लाईओवर के नीचे शिफ्ट करने के बाद ठोस ट्रैफिक प्लान बनाया जाएगा। हालांकि अभी अस्थाई ट्रैफिक प्लान बनाकर कुछ निर्णय लिए गए हैं।
गांव के सामने कट होगा बंद : साहिबाबाद गांव के सामने ग्रीन बेल्ट होकर वसुंधरा सेक्टर-4 की तरफ जाने का रास्ता है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर परमहंस तिवारी ने बताया कि यह रास्ता बंद कर दिया जाएगा। मोहननगर की तरफ से वसुंधरा आने वाले लोगों को वसुंधरा कट से लेफ्ट टर्न लेना होगा। हालांकि इस रास्ते के बंद होने से हजारों लोगों को लिंक रोड पर आने के लिए लंबा चक्कर काटना होगा।
वसुंधरा कट पर लगेगा डिवाइडर : वसुंधरा कट से साहिबाबाद रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाला ट्रैफिक पुल के नीचे से सीधे पास किया जाएगा। लेकिन मंडी की तरफ से वसुंधरा के अंदर आने वाला ट्रैफिक इस ट्रैफिक से टकरा जाएगा। इसके चलते डिवाइडर लगाकर रोड को दो हिस्सों में विभाजित किया जाएगा।
गांव के लोग सर्विस रोड से लिंक रोड पर आएंगे : साहिबाबाद गांव का एक ही प्रवेश द्वार है जो लिंक रोड की तरफ खुलता है। अब गांव के लोग सीधे लिंक रोड पर नहीं चढ़ पाएंगे, उन्हें सर्विस रोड के माध्यम से लिंक रोड आना होगा। गांव के सामने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
भविष्य में बनेगा गोलचक्कर या सिग्नल : टीआई ने बताया कि वसुंधरा कट पर साइट फोर की ओर जाने वाले ट्रैफिक और वसुंधरा आने वाले ट्रैफिक की सहूलियत के लिए गोलचक्कर बनाया जाएगा। गोलचक्कर संभव नहीं हो सका तो सिग्नल लगाई जाएगी। साइट फोर की ओर जाने वाले ट्रैफिक के लिए यूटर्न भी बनाया जा सकता है। यह सब फाइनल ट्रैफिक प्लान में तय किया जाएगा।
एफओबी पर एस्केलेटर लगाने की जरूरत : साहिबाबाद गांव के पार्षद हिमांशु चौधरी का कहना है कि साहिबाबाद स्टैंड स्थित एफओबी पर एस्केलेटर लगाने की मांग जीडीए से की जाएगी ताकि लोग इसका इस्तेमाल करें और दुर्घटना न हो। उनकी यह मांग नहीं मानी गई तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे।

शहर के विकास और सुंदरीकरण के काम में आएगी तेजी : वीके सिंह
साहिबाबाद। केंद्रीय राज्य मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग वीके सिंह ने वसुंधरा कट फ्लाईओवर के उद्घाटन समारोह में कहा कि गाजियाबाद के विकास और सुंदरीकरण का काम तेजी से किया जाएगा। मेरठ रोड पर राजनगर एक्सटेंशन के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर का शीघ्र लोकार्पण होगा और डासना से हापुड़ के बीच एनएच चौड़ीकरण का काम निर्धारित समय पर पूरा होगा।

वीके सिंह ने कहा कि वसुंधरा कट पर जाम की बड़ी समस्या थी। अब फ्लाईओवर बनने से यह समस्या दूर हो गई। इसी तरह राजनगर एक्सटेंशन पर फ्लाईओवर के शीघ्र चालू होने पर वहां भी जाम से छुटकारा मिलेगा। हिंडन पुल की मरम्मत का काम भी तेजी से चलेगा। उनकी कोशिश है कि शहर का भरपूर विकास और सुंदरीकरण हो, इसके लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। वीके सिंह ने कहा कि पाइप लाइन में पड़ी विकास की योजनाओं को बारी-बारी से सरजमीं पर उतारा जाएगा और तेज गति से विकास कार्य पूरे होंगे। उन्होंने सेतु निगम को पुल बनाने के लिए धन्यवाद बोलते हुए अगले प्रोजेक्ट में जुट जाने को कहा। उन्होंने सभी पार्षदों व सभासदों से अपने अपने क्षेत्रों में विकास कार्य में तेजी लाने की अपील की। उन्होंने जनता से भी सहयोग का अनुरोध किया। इस मौके पर विधायक सुनील शर्मा, मेयर आशा शर्मा, जीडीए वीसी कंचन वर्मा, भाजपा नेता संजीव शर्मा आदि मौजूद थे। काफी संख्या में अवकाश प्राप्त सैनिक भी जुटे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed