केपीएम पर लूट करने वाला गैंग अरेस्ट, सो रहे ड्राइवर को बनाते थे निशाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा में कमी के चलते बड़ा गिरोह सक्रिय हो गया था। ये गिरोह एक्सप्रेसवे पर रात को वाहन लेकर पहुंचता और मार्ग किनारे सो रहे चालकों के वाहनों को निशाना बनाकर बैटरी आदि चोरी कर लेता था। चालक के जागने पर आरोपी मारपीट और लूटपाट भी करते थे।
आरोपियों ने रविवार रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने जयकिशन, शमसुद्दीन, लोकेश, वीरपाल, कपिल, कुंवर केश, बबलू निवासी गांव नगला रूमी, खुर्जा देहात (बुलंदशहर) और सामान खरीदने वाले कबाड़ी नजीर सिहानी गेट, इस्लामुद्दीन कैला भट्टा और वसीम डासना गेट निवासी (गाजियाबाद) को गिरफ्तार कर किया है।
एसपी देहात आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि 5 अगस्त को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बील अकबरपुर गांव के पास रविवार तड़के बदमाशों ने ट्रॉला चालक राम अवतार निवासी राजस्थान को बंधक बनाकर उसके ट्राले में लदे नए ट्रैक्टरों की छह बैट्री और नगदी लूट ली थी। चालक महाराष्ट्र से पंजाब जाने के दौरान वाहन किनारे खड़ा कर सो गया था।
सीओ दादरी निशांक शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी रामसेन की टीम बदमाशों की तलाश में जुटी। पुलिस ने दावा किया है कि पकड़े गए आरोपी शातिर बदमाश हैं और इनमें से कुछ पहले भी जेल जा चुके हैं। आरोपी माल चोरी कर गाजियाबाद निवासी पकड़े गए तीनों कबाड़ियों को बेच देते थे।
कबाड़ियों के खिलाफ चलेगा अभियान
गिरोह में शामिल धीरज, राजेश और यामीन निवासी नगला रूमी खुर्जा की पुलिस तलाश रही है। गिरोह का सरगना जयकिशन है। आरोपियों से पुलिस ने चार पहिया वाहनों की 23 बैट्री, तीन कार और करीब तीन किलो गांजा बरामद किया है। खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 15 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एक्सप्रेसवे की सुरक्षा को लेकर तैयार हो रही योजना
एसपी देहात आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय स्तर से योजना तैयार हो रही है। कई जिलों और राज्यों का क्षेत्र एक्सप्रेसवे से जुड़ रहा है। एक्सप्रेसवे पर कई प्रवेश और बाहर जाने के रास्ते हैं। इसलिए इस पर अभी उतनी पर्याप्त सुरक्षा नहीं है। इसी के चलते आरोपियों ने इस मार्ग पर योजना बनाकर कई वारदातें कीं। इनमें से अधिकांश मामलों के पीड़ित रिपोर्ट दर्ज कराने भी नहीं पहुंचे।
कबाड़ियों के खिलाफ चलेगा अभियान
चोरी और लूट की वारदात के खुलासे के बाद किसी न किसी कबाड़ी का नाम प्रकाश में आ रहा है। कबाड़ियों के आसानी से चोरी व लूट का माल खरीद लेने के कारण बदमाशों के भी हौसले बढ़ रहे हैं। एसपी देहात ने बताया कि बड़ी संख्या में कबाड़ का काम करने वाले लोग रजिस्ट्रेशन भी नहीं करा रहे। इसके चलते इनके खिलाफ अभियान चलाकर जांच व कार्रवाई की जाएगी।