Delhi: पोकर खेलने के लिए गोवा जाने की जरुरत नहीं, जुआरियों ने फार्महाउस में बनाया जुए का अड्डा, तीस गिरफ्तार
पूछताछ में पता लगा कि सभी जुआरी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। सभी जुआ खेलने के लिए गोवा जाते थे। जुआरी विकास ने साथियों प्रशांत गोयल और दमन सोढ़ी से मिलकर दिल्ली में पोकर का आयोजन करने की साजिश रची।
विस्तार
दिल्ली के कुछ बड़े जुआरी अक्सर पोकर खेलने के लिए गोवा जाते थे, लेकिन इस बार इन्होंने गोवा जाने की जगह दिल्ली में ही फार्महाउस में अड्डा बना लिया। फार्महाउस मालिक मुनाफे में 20 फीसदी हिस्सा लेता था। पुलिस ने अड्डे का पर्दाफाश कर तीन आयोजकों समेत 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव के अनुसार, इंस्पेक्टर राजीव बमल की टीम ने फार्म हाउस नंबर 23/1, दारा फार्म, राम मंदिर रोड, वसंत कुंज में छापा मारा। पुलिस उपायुक्त संजय भाटिया की देखरेख में राजीव की टीम ने आम गेमिंग हाउस के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे बड़े हॉल से 30 लोगों को पकड़ा।
पूछताछ में पता लगा कि सभी जुआरी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। सभी जुआ खेलने के लिए गोवा जाते थे। जुआरी विकास ने साथियों प्रशांत गोयल और दमन सोढ़ी से मिलकर दिल्ली में पोकर का आयोजन करने की साजिश रची। गिरफ्तार आरोपियों में तीन कार्ड शफलर व सात बाउंसर हैं। मौके से 4,58,520 रुपये बरामद किए गए हैं।