कानपुर शताब्दी की जनरेटर कार में घुसी पटरी
नई दिल्ली-कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस बृहस्पतिवार शाम आनंद विहार स्टेशन के पास क्षतिग्रस्त हो गई। तेज रफ्तार ट्रेन के जनरेटर कार में लोहे की पटरी टूटकर घुस गई।
तेज आवाज के बाद धुआं उठता देख इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने जनरेटर कार में लगी मामूली आग को बुझा लिया।
करीब एक घंटे तक आनंद विहार रेलवे स्टेशन के पास रोके जाने के बाद डीजल इंजन से खींचकर ट्रेन को साहिबाबाद लाया गया। जहां मरम्मत के बाद रात आठ बजे कानपुर के लिए रवाना कर दिया गया।
खींचकर आनंद विहार ले जाया गया साहिबाबाद
नई दिल्ली से 3:50 पर कानपुर के लिए रवाना हुई ट्रेन में आनंद विहार के पास अचानक तेज आवाज आई। जनरेटर कार से धुआं उठता देख इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया।
तुरंत जनरेटर कार में लगी आग को बुझाकर जांच की गई तो पता चला कि पटरी टूटकर जनरेटर कार में नीचे से घुस गई है। इस दौरान गार्ड रूम भी क्षतिग्रस्त हो गया था। 4:16 बजे से करीब सवा पांच बजे तक ट्रेन आनंद विहार में खड़ी रही।
करीब 6:30 बजे इसे साहिबाबाद लाया गया। जहां प्लेटफार्म नंबर-4 से रात 8:07 बजे जनरेटर कार को ट्रेन से अलग कर कानपुर के लिए रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों में दहशत रही।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को शांत कराया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पटरी टूटकर जनरेटर कार में घुसने की जांच की जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि जनरेटर कार में कोई चीज लटक रही थी वह पटरियों के बीच दरार में फंस गई जिससे हादसा हो गया।