गुरुग्रामः एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या, दरिंदों ने सवा महीने की बच्ची को भी नहीं बख्शा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली से सटे गुरुग्राम के पटौदी में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। पटौदी में एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात में दिल दहला देने वाली बात तो ये है कि हत्यारे ने सवा महीने की मासूम बच्ची को भी नहीं बख्शा है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि अभी हत्या की वजह पर पुलिस ने बोलने से इनकार कर दिया है। गांव ब्रिजपुरा में बुधवार देर शाम एक ही परिवार के चार लोगों की अज्ञात व्यक्तियों ने हत्या कर दी। मृतकों के शरीर पर चोट के निशान हैं।
देर शाम दूधिया दूध देने पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक जब कोई नहीं आया तो उसने घर के अंदर देखा। इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है।
पूजा घर में पड़े थे शव
पुलिस के अनुसार फूलवती(62) अपने बेटे मनीष (25) उसकी पत्नी पिंकी(24) व पोती चारु(1 माह) के साथ ब्रिजपुरा में रहती थी। बुधवार देर शाम उन्हें दूध देने के लिए रोजाना की तरह दूधिया पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाया और काफी देर इंतजार की, जब कोई नहीं आया तो उसने गांव के ही अन्य लोगों को बताया और उनकी मदद से दरवाजा खोला।
लोगों ने पिंकी का शव पंखे से लटका देखा। इसके अलावा फूलवती और मनीष का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। पूजा घर में तीनों के शव पड़े थे। चारु भी घायल अवस्था में थी जिसके शरीर पर भी चोट के निशान थे। चारु को हेली मंडी अस्पताल में ले जाया गया जहां उसकी हालत को देखते हुए गुरुग्राम नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक पिंकी के हाथ की नस भी कटी हुई थी। सभी के शरीर पर चोट के निशान हैं। फिलहाल अपराध शाखा को मौके पर बुलवाकर जांच शुरू कर दी गई है। सरपंच करण सिंह ने बताया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।