नोएडा सेक्टर-62 से इंदिरापुरम के बीच बनेगा एफओबी, होंगी ये खास सुविधाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साहिबाबाद के इंदिरापुरम की तरफ से रोजाना नोएडा आने जाने वाले लाखों लोगों को एनएच 9 पार करने की समस्या से जल्द निजात मिलेगी। एनएचएआई नोएडा सेक्टर-62 मॉडल टाउन पर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण अगले माह शुरू करेगा।
इसी सप्ताह इसकी डिजायन तैयार हो जाएगी। यह एफओबी नोएडा सेक्टर-62 और सीआईएसएफ के बीच सौ मीटर की लंबाई में बनेगा। इसमें दोनों तरफ लिफ्ट लगाई जाएंगी, जिनमें एक बार में 13 यात्री चढ़ सकते हैं।
सीआईएसएफ कट के पास एनएच की 14 लेन बन चुकी है। एनएच के दोनों ओर दीवाल खड़ी कर दी गई है। इससे अब पैदल यात्रियों के लिए एनएच पार करने का कोई रास्ता नहीं बच गया है। परेशानी को देखते हुए एनएचएआई ने नोएडा सेक्टर-62 और सीआईएसएफ के बीच एफओबी बनाने पर काम शुरू कर दिया है।
एनएचएआई के डीजीएम मुदित गर्ग ने बताया कि गुरुग्राम की एक कंपनी से एफओबी की डिजायन तैयार करवाई जा रही है। इसी हफ्ते डिजायन बनकर आ जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
ऐसे आसान हो जाएगी राह
यह एफओबी नोएडा सेक्टर-62 के मेट्रो स्टेशन से शुरू होगा। मेट्रो यात्रियों को स्टेशन पर ही एफओबी मिलेगा जिसके जरिए वह इंदिरापुरम इलाके में उतर सकेंगे। इसके बनने से एनएच पार करने की कोई समस्या नहीं रह जाएगी।
छिजारसी और लालकुआं में भी बनेगा एफओबी
एनएचएआई छिजारसी और लालकुआं में भी एफओबी बनाएगा। डीजीएम ने बताया कि तीनों एफओबी की डिजायन तैयार करवाई जा रही है। नोएडा सेक्टर-62 और सीआईएसएफ के बीच एफओबी की लंबाई करीब 100 मीटर होगी जबकि छिजारसी और लालकुआं मे लंबाई 86 मीटर होगी। तीनों एफओबी पर एस्केलेटर, लिफ्ट समेत आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सितंबर में चालू होगा सीआईएसएफ कट अंडरपास
सीआईएसएफ कट के पास बनाया जा रहा अंडरपास सितंबर के पहले सप्ताह में खोल दिया जाएगा। हल्के वाहनों के लिए इस अंडरपास को बनाया गया है। इसमें दोपहिया और कार आसानी से निकल सकते हैं। इस अंडरपास के जरिए विजयनगर की ओर से आने वाला यातायात सीआईएसएफ रोड पर आएगा। डीजीएम ने बताया कि अब अंडरपास के सिर्फ फिनिशिंग का काम रह गया है। यह अंडरपास साढ़े 12 मीटर चौड़ा तथा साढ़े तीन मीटर ऊंचा होगा।