Delhi: मुंबई से दिल्ली आकर बेचते थे आईपीएल मैच के नकली टिकट, तीन नाबालिग समेत पांच को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस संबंध में तीन नाबालिग समेत पांच आरोपियों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित चौहान (22) और विकास (18) के रूप में हुई है। सभी पांचों आरोपी मुंबई के रहने वाले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आईपीएल मैच के दौरान टिकटों की कालाबाजारी भी खूब ही होती है। लोग मुंह मांगे दामों पर आईपीएल मैच के टिकट खरीदते हैं, लेकिन रुपये चुकाने के बाद भी यदि आपको टिकट नकली मिले तो आप पर क्या बीतेगी। जी हां मध्य जिला की स्पेशल विंग टीम ने आईपीएल मैच के नकली टिकट बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है।
पुलिस ने इस संबंध में तीन नाबालिग समेत पांच आरोपियों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित चौहान (22) और विकास (18) के रूप में हुई है। सभी पांचों आरोपी मुंबई के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 80 फर्जी टिकट, पांच मोबाइल फोन, एक कलर प्रिंटर व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि यह लोग जिस सिटी में आईपीएल का मैच होता था, वहां ट्रेन में सवार होकर मुंबई से पहुंच जाते थे। उसके बाद कलर प्रिंटर और विशेष तरह के सॉफ्टवेयर की मदद से फर्जी आईपीएल के टिकट तैयार कर उनको मुंह मांगे दोमों पर बेच देते थे। पिछले कई सेशन से आरोपी इस तरह से टिकटें बेच रहे हैं।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि आईपीएल मैच के दौरान उनकी टीम को टिकटों की कालाबाजारी की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी कड़ी में जांच करते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में एसआई अखिल चौधरी, रवि शंकर व अन्यों को जांच के लिए लगाया गया। टीम ने सादे कपड़ों में दर्शकों का हूलिया बनाया। चेहरे पर भारतीय झंडे का पेंट करवाकर टीम अरुण जेठली स्टेडियम के बाहर पहुंच गई। मंगलवार को यहां मुंबई इंडियंस और दिल्ली के बीच मैच होना था। पुलिस ने रोहित चौहान नामक युवक को टिकट बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। टिकट की ऑन लाइन डिटेल ली गई तो वह फर्जी निकला।
बाद में उसने टिकट के फर्जी होने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर दूसरे आरोपी विकास व बाकी तीन नाबालिगों को दबोच लिया गया। पांचों ने बताया कि यह मुंबई से आईपीएल वाले शहरों में पहुंच जाते थे। वहां पर असली टिकट लेकर उसके जैसा फर्जी टिकट तैयार कर भीड़ में आसानी से बेच देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर ऐसे 80 टिकट, पांच मोबाइल फोन, विशेष तरह के सॉफ्टवेयर, एप्लीकेशन, प्रिंटर और अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपी चार से पांच हजार रुपये तक का टिकट बेच देते थे। पुलिस इन से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन लोगों ने अब तक कितने टिकट बेचे हैं।
आईपीएल के टिकट ब्लैक करते तीन दबोचे
स्पेशल विंग टीम ने कार्रवाई के दौरान आईपीएल मैच में टिकट ब्लैक करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा है। यह 1250 रुपये का टिकट 4000 रुपये में बेच रहे थे। एसआई अखिल चौधरी की टीम दर्शक बनकर स्टेडियम के बाहर मौजूद थी। इस बीच कुछ लोग टिकट ब्लैक करते हुए दिखे।
पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। इनकी पहचान दरियागंज निवासी तरुण, अर्जुन नगर, गुरुग्राम निवासी पीयूष और मुरादाबाद निवासी नसीम के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से कुल 24 असली टिकट बरामद किए। यह लोग इनको ब्लैक में महंगा बेच रहे थे। स्पेशल विंग ने इनको आईपी इस्टेट थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।