बुलंदशहर: सिर पटक कर रोती रही मासूम, पटाखे बेच रहे पिता को ले गई पुलिस, वीडियो वायरल
उप्र के बुलंदशहर के खुर्जा थानाक्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद पटाखे बेच रहे एक व्यवसायी की दुकान पर पुलिस ने छापा मारा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस पटाखा कारोबारी से हाथापाई कर उसे हिरासत में लेती नजर आ रही है। वहीं, कारोबारी की मासूम बेटी लगातार पुलिस के आगे गिड़गिड़ाती व गाड़ी पर सिर पटकती दिखाई दे रही है। वह पहले तो पिता के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की पुलिस से गुहार लगाती है, फिर देर तक सिर पटक-पटककर रोती रही, लेकिन पुलिस को उस पर तरस नहीं आई।
Bulandshahr: Police & district administration officials in Khurja celebrate Diwali with a firecracker seller & his family after he was arrested by the police for selling crackers despite ban. A video of his daughter being very distraught during his arrest went viral. (13.11.2020) pic.twitter.com/RZsciz2JBD
— ANI UP (@ANINewsUP) November 14, 2020विज्ञापन
घटना का वीडियो देखकर लोगों का गुस्सा भी भड़क उठा है। लोग वीडियो शेयर करते हुए सरकार पर हमला कर रहे हैं। वे सरकार पर आरोप लगा रहे हैं कि पहले पटाखों के लिए लाइसेंस जारी किया जाता है, उसके बाद जब विक्रेता अपनी सारी जमा पूंजी लगाकर पटाखे खरीद लेते हैं तो बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है।
दरअसल यह मामला खुर्जा कोतवाली के ग्राम मुंडाखेड़ा चौराहे का है। यहां पुलिस को पटाखा बिक्री की सूचना मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई करने गई टीम के साथ दुकानदारों की नोकझोंक हो गई। एक दुकानदार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
सीएम योगी के आदेश पर छोड़े गए बच्ची के पिता
इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद संज्ञान लिया है। सीएम योगी के आदेश के बाद दुकानदार को पुलिस ने छोड़ दिया है। इसके साथ ही सीएम योगी ने पटाखा विक्रेता के घर में वरिष्ठ अधिकारियों के हाथों दिवाली की मिठाई भिजवाई।
उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है। वहीं मामले में एसएसपी ने संज्ञान लेते हुए पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर किया है।
परिवार के साथ बांटी मिठाई, पटाखे
अनुविभागीय दंडाधिकारी ने कहा कि हम नहीं चाहते थे कि बच्ची के मन में पुलिस के प्रति आक्रोश की भावना पैदा हो। इसलिए हमने उनके साथ दिवाली मनाई। हम यह संदेश भी देना चाहते हैं कि दिवाली सिर्फ पटाखे फोड़ने से नहीं होती, बल्कि परिवार के साथ मिलजुलकर मनाई जाती है।