Noida: आईजीएल की पाइप लाइन फटी, आग लगने से मोटरसाइकिल जलकर हुई राख, दमकल टीम ने बुझाई आग
आग पर काबू पाने के बाद आईजीएल कर्मचारियों को बुलाकर गैस पाइप पूरी तरह बंद करा दिया गया। जांच में पता चला कि आईजीएल कंपनी को जानकारी दिए बिना यहां खुदाई काम चल रहा था। इससे पाइप लाइप फट गई।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में साइट-4 ग्रांड वेनिस मॉल के पास मिट्टी की खुदाई के दौरान आइजीएल गैस पाइप लाइन फट गई। पास में ही रेहड़ी पर गैस सिलेंडर से पराठे बनाने के कारण आईजीएल की पाइप से रिस रही गैस ने आग पकड़ ली। चंद मिनट में ही आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और घटना से आसपास लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पास में खड़ी एक बाइक पूरी तरह जल गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि लगभग तीन बजे आग लगने की सूचना पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए। आग पर काबू पाने के बाद आईजीएल कर्मचारियों को बुलाकर गैस पाइप पूरी तरह बंद करा दिया गया। जांच में पता चला कि आईजीएल कंपनी को जानकारी दिए बिना यहां खुदाई काम चल रहा था। इससे पाइप लाइप फट गई तो रेहड़ी विक्रेता और आसपास खड़े लोग तुरंत दूर हट गए। यदि ऐसा न होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हालंकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और केवल एक बाइक जली है। इस मामले की जांच कराई जा रही है और आईजीएल की ओर से संबंधित कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी है। उधर, आईजीएल को भी पत्र लिखकर जहां से पाइप लाइन जा रही है वहां पर कुछ पत्थर आदि टूट गए हैं। इससे पाइपलाइन के निशान खत्म हो गए है। इनको पुन: लगवाने के लिए कहा जाएगा।