Delhi Fire : रोहिणी सेक्टर 14 के मिलनसार अपार्टमेंट में लगी आग, इंजीनियरिंग के दो छात्र झुलसे
इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले दो छात्र इमारत में फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
विस्तार
रोहिणी सेक्टर-14 स्थित मिलनसार अपार्टमेंट में शनिवार सुबह एक इमारत की तीसरी और चौथी मंजिल पर आग लग गई। इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले दो छात्र इमारत में फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों छात्र दस फीसदी झुलस गए थे, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दमकल की पांच गाड़ियों की मदद से एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
दमकल अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह करीब छह बजे अपार्टमेंट में आग लगने और कुछ लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही दमकल के 25 कर्मी पांच गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने वहां फंसे 21 साल के आर्यन गुप्ता और 22 साल के सुमित यादव को बाहर निकाला, दोनों के हाथ-पैर झुलस गए थे। शुरुआती जांच में पता चला कि शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है।
दोस्त को बचाने में फंसा छात्र
जांच के दौरान पता चला कि अग्रसेन इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाले इंजीनियरिंग के तीन छात्र यहां रहते हैं। दमकल अधिकारी एके शर्मा ने बताया कि चौथी मंजिल पर आग लगी और वह धीरे-धीरे नीचे की मंजिल में फैल गई। वहां तीन छात्र सो रहे थे। आग लगने की जानकारी मिलने पर दो छात्र बाहर निकल गए, लेकिन तीसरा छात्र कमरे में ही रह गया। उसे बाहर निकालने के लिए नीचे गया एक छात्र फिर से ऊपर गया, लेकिन वह भी आग की लपटों में फंस गया। दमकलकर्मियों के पहुंचने से दोनों की जान बच गई।