दिल्ली: 'कॉकरोच का पुतला जलाने पर रामलीला आयोजकों पर दर्ज हो एफआईआर', लगाया धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप
दशहरा जैसे धार्मिक आयोजन में कॉकरोच का पुतला जलाना सनातन परंपराओं को बदलने और धार्मिक मंच का राजनीतिक इस्तेमाल करने जैसा है। शिकायत में दावा किया गया है कि इस घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में नफरत व तनाव बढ़ने का खतरा है।
विस्तार
दिल्ली में दशहरा महोत्सव के दौरान रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ कॉकरोच का 30 फुट ऊंचा पुतला जलाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस मामले में उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस आयुक्त को शिकायत भेजकर श्री केशव रामलीला समिति, एनएसपी पीतमपुरा के आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार सेवराहा और दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा समेत अन्य आयोजकों पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और सामाजिक वैमनस्य फैलाने का आरोप लगाया है।
#WATCH दिल्ली: पीतमपुरा के DDA ग्राउंड में दशहरा के मौके पर 30 फुट के कॉकरोच का पुतला जलाया गया। https://t.co/TZFha0RdJ8
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 20, 2026
'इस घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं'
सौरभ भारद्वाज ने 20 अक्तूबर को सोशल मीडिया मंच एक्स पर शिकायत भेजने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दशहरा जैसे धार्मिक आयोजन में कॉकरोच का पुतला जलाना सनातन परंपराओं को बदलने और धार्मिक मंच का राजनीतिक इस्तेमाल करने जैसा है। शिकायत में दावा किया गया है कि इस घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में नफरत व तनाव बढ़ने का खतरा है।
यह एक विशेष समूह को निशाना बनाने के लिए
उन्होंने आरोप लगाया कि कॉकरोच का पुतला जलाने की घटना को एक विशेष समूह को निशाना बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया। हालांकि, ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर कहा कि यदि इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है तो आम आदमी पार्टी अदालत का रुख करेगी।
मीडिया से सामग्री हटाने की भी मांग
शिकायत में आयोजकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने के साथ ही आयोजन से संबंधित फोटो, वीडियो और प्रचार सामग्री को समाचार चैनलों, न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया मंचों से हटाने की मांग की गई है। भारद्वाज ने प्रशासन से मामले की जांच कर भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई करने का आग्रह किया है।