बुरे फंसे आप नेता!: सौरभ भारद्वाज और जरनैल सिंह समेत तीन पर एफआईआर, हेड कांस्टेबल से मारपीट का आरोप
दिल्ली में आप नेता सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह समेत तीन पर केस दर्ज हुआ है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल पर हमले के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।
विस्तार
हेड कांस्टेबल सादे कपड़ों में कर रहा था वीडियो रिकॉर्डिंग
यह घटना कथित तौर पर सोमवार को हुई थी। आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ तिलक नगर इलाके में दौरे पर गए थे। पुलिस सूत्र के अनुसार, एक हेड कांस्टेबल सादे कपड़ों में इलाके में वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। तभी ‘आप’ समर्थकों की भीड़ ने कथित तौर पर उसे घेर लिया। भीड़ ने हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट की।
आप नेताओं पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप
घटना के बाद हेड कांस्टेबल को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है। उस पर हमला करने से संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं। यह मामला सरकारी कार्य में बाधा डालने और शारीरिक हमले से जुड़ा है। पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है।
सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल-पुलिस आयुक्त से की शिकायत, केजरीवाल का केंद्र पर हमला
दिल्ली आप संयोजक सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल और पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। उन्होंने विकासपुरी के सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। भारद्वाज ने दावा किया कि धरने में पुलिस और कार्यकर्ताओं की खींचतान से वे बेहोश हो गए। उन्होंने पुलिस पर हानि पहुंचाने के प्रयास और महिलाओं के साथ अभद्रता का भी आरोप लगाया। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा में विफलता के लिए पुलिस और केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने सामाजिक मीडिया पर वीडियो साझा कर भाजपा सरकार की आलोचना की।
सोमवार को अरविंद केजरीवाल तिलक नगर के दौरे पर थे। दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल सादे कपड़ों में वहां वीडियो बना रहा था। ‘आप’ समर्थकों की भीड़ ने उसे अचानक घेर लिया। भीड़ ने हेड कांस्टेबल के साथ कथित तौर पर मारपीट की। इस हमले से हेड कांस्टेबल को चोटें आईं।
मेडिकल के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
इस घटना के बाद हेड कांस्टेबल को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। दिल्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की। सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह और कई ‘आप’ कार्यकर्ताओं को नामजद किया गया है। उन पर सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने और हमला करने के आरोप हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
एक दिन पहले सौरभ भारद्वाज को लिया था हिरासत में
इससे पहले बीत सोमवार को दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और पार्टी के कई विधायकों व पार्षदों को हिरासत में ले लिया था। यह कार्रवाई विकासपुरी पुलिस स्टेशन के बाहर उस वक्त की गई जब आप नेता दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन कर रहे थे।
यह पूरा विवाद हाल ही में सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार के खुलासे और उसके बाद हुए हंगामे से जुड़ा है। सौरभ भारद्वाज के अनुसार, आप विधायक जरनैल सिंह ने मीडिया के कैमरों के सामने सड़क का एक हिस्सा अपने हाथों से तोड़कर खराब गुणवत्ता और धन के गबन का पर्दाफाश किया था। भारद्वाज का आरोप है कि इस खुलासे से भड़के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कैमरामैन पर हमला किया, उसका फोन छीन लिया और थप्पड़ मारा। इसके अलावा, उन्होंने भ्रष्टाचार के सबूतों को नष्ट करने का भी प्रयास किया।
'दो दिन बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं'
प्रदर्शन के दौरान कड़े तेवर दिखाते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्रवेश वर्मा के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इससे साफ जाहिर होता है कि भाजपा डरी हुई है कि अगर जनता ने अपनी आंखों के सामने हर गली और मोहल्ले में भ्रष्टाचार देखना शुरू कर दिया, तो लोग खुद सड़कों की पोल खोल देंगे।
आप नेताओं ने चेतावनी दी है कि उनका यह आंदोलन यहीं रुकने वाला नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार किया गया, तो पार्टी कार्यकर्ता सीधे पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरना देंगे। इस हाई-वोल्टेज राजनीतिक ड्रामे के बाद दिल्ली की सियासत एक बार फिर गरमा गई है, और आप व भाजपा आमने-सामने आ गए हैं।