आप नेता ने उठाई चप्पल, मामला दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के नेता रोहताश कुमार कुमार के कारण आप एक बार फिर सुर्खियों में है। गौरतलब है कि रोहताश कुमार पर सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया है।
टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार शनिवार को रोहताश कुमार ने एक सरकारी बैंक में घुसकर बैंक मैनेजर के साथ बदसलूकी की। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में ये पूरी घटना कैद है, जिसमें रोहताश को बैंक मैनेजर पर उग्र होता दिखाया गया है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। रोहताश कुमार की तलाशी चल रही है और खबर है कि वो जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
कुछ ऐसी भी खबरें हैं कि रोहताश कुमार फरार चल रहे हैं। वहीं एक टीवी को दिए अपने बयान में आप नेता संजय सिंह ने इस बात खंडन किया है। उन्होंने कहा है कि रोहताश की उनसे रविवार सुबह ही बात हुई है और वह कहीं नहीं गए हैं।
थप्पड़ भी मारा और उठाई चप्पल
संजय सिंह ने उस टीवी चैनल में दिए अपने बयान में ये भी कहा कि रोहताश से जब उनकी बात हुई तो उन्होंने बताया कि एक महिला की शिकायत पर रोहताश बैंक मैनेजर से बात करने गए थे।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रोहताश बैंक में घुसे और सीधे मैनेजर के कमरे में घुस गए और मैनेजर पर चिल्लाना शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान बीच-बीच में वह उग्र भी हो गए और हाथ तक उठाया और एक थप्पड़ मारा भी।
इस दौरान उन्होंने मैनेजर को मारने के लिए चप्पल भी उठाई। इस पूरे मामले में संज्ञान लेते हुए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही रोहताश की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
इस मामले पर संजय सिंह ने कहा कि यदि रोहताश दोषी पाए जाते हैं तो उनपर उचित कार्रवाई होनी ही चाहिए। हमारी पार्टी किसी भी गलत हरकत का बिल्कुल समर्थन नहीं करती है।
साभारः एनडीटीवी