दिल्ली के बार्डर सील करने की योजना बना रहे हैं किसान, फल-सब्जी, दूध की आपूर्ति रुकने पर ही बनेगी बात
किसान अपने साथ ट्रैक्टर की ट्राली में दो महीने की रसद-संसाधन लेकर चले हैं। उन्होंने दिल्ली की हाड़ कंपाती ठंड को ध्यान में रखकर तैयारी कर रखी है...
विस्तार
पंजाब के किसान संगठनों ने आपस में चर्चा तेज कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंघु बार्डर पर हजारों की संख्या में डटे किसान चारों तरफ से दिल्ली में प्रवेश के रास्तों को घेरकर सील कर देना चाहते हैं। किसान संगठनों से जुड़े सूत्र बताते हैं कि केन्द्र सरकार की ढिठाई और किसानों के साथ हरियाणा में हुए व्यवहार ने काफी चौकन्ना कर दिया है। किसान अपने साथ ट्रैक्टर की ट्राली में दो महीने की रसद-संसाधन लेकर चले हैं। उन्होंने दिल्ली की हाड़ कंपाती ठंड को ध्यान में रखकर तैयारी कर रखी है।
आपूर्ति रुकेगी, तभी किसानों की आवाज सुनेगी सरकार
एक संगठन के किसान नेता ने बताया कि केन्द्र सरकार किसानों के आंदोलन को कांग्रेस पार्टी के आंदोलन से जोड़ रही है। सूत्र का कहना है कि यह बड़े शर्म की बात है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हमें अपना नहीं मानती। सूत्र का कहना है कि पंजाब के किसान बुराड़ी के मैदान में शांति से बैठ जाने के पक्ष में नहीं है। उन्हें पता है कि सरकार के कान में आसानी से जूं नहीं रेंगने वाली हैं।
किसान संगठन चाहते हैं कि वह दिल्ली वाले चारों तरफ के रास्ते को घेरकर सील करें, ताकि राजधानी में फल, फूल, सब्जी, अनाज, दूध आदि की आपूर्ति को रोका जा सके। ऐसा होने पर ही केंद्र सरकार किसानों की बात को कोई प्रमुखता देगी।