आंदोलन में शामिल किसान ने टॉयलेट में की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- सरकार नहीं मान रही...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आंदोलन में शामिल जिला रामपुर के तहसील बिलासपुर के गांव पशियापुर निवासी 70 वर्षीय किसान कश्मीर सिंह ने यूपी गेट पर आत्महत्या कर ली। उनका शव शनिवार सुबह मोबाइल टॉयलेट में रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। वहां मिले सुसाइड नोट में कश्मीर सिंह ने लिखा कि ‘सरकार बात नहीं मान रही है। तीनों कृषि कानून किसानों के खिलाफ है। पंजाब और हरियाणा के 40 किसान बलिदान दे चुके हैं। अब यूपी व उत्तराखंड के किसानों का बलिदान भी जरूरी है। घटना के बाद डीएम अजय शंकर पांडेय और एसएसपी कलानिधि नैथानी ने किसानों से बात की। बाद में किसान के शव को लेकर सीओ फर्स्ट रामपुर रवाना हुए। रामपुर में ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे यूपी गेट पर दिल्ली पुलिस के बैरियर के पास मोबाइल टॉयलेट में एक सफाईकर्मी सफाई कर रहा था। इस दौरान उसने बंद टॉयलेट का गेट खटखटाया, लेकिन वह नहीं खुला। कर्मचारी ने जोर से दरवाजे में धक्का दिया तो एक बुजुर्ग किसान का शव फंदे से लटका देखकर उसने किसान नेताओं व पुलिस को जानकारी दी। वहां भीड़ लग गई। कौशांबी थाना प्रभारी महेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों की मदद से शव को उतारा। शव रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। बुजुर्ग किसान की शिनाख्त के प्रयास किए गए। बाद में उनकी पहचान कश्मीर सिंह (70) निवासी ग्राम पशियापुर तहसील बिलासपुर जिला रामपुर के रूप में हुई। तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी गई।
डीएम अजय शंकर पांडेय और एसएसपी कलानिधि नैथानी, एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह और सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन मौके पर पहुंचे। परिजनों और समिति को मामले की सूचना दी गई। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत समेत अन्य समिति के पदाधिकारी वहां पहुंचे। सहमति के बाद शव को एंबुलेंस से सीओ फर्स्ट अभय कुमार मिश्र रामपुर लेकर रवाना हो गए जहां उनका पोस्टमार्टम होगा।
‘मर्जी से दे रहा हूं अपने शरीर की आहुति’
भाकियू के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक की ओर से जारी बयान में कहा कि मृतक किसान कश्मीर सिंह के सुसाइड नोट में लिखा है कि ‘मैं सेवादार गुरू घर का जिला चमोली गुरुद्वारा झूपसागर साहिब पीपल कोटी हेमकुंड साहिब यात्रा समय लंगर की सेवा निभाता हूं। किसान दिल्ली आए हैं, जो सरकार ने किसानों के प्रति तीन कानून उलट बनाए हैं वह किसानों के हित में नहीं है। यह कानून भारत के सारे किसानों को माफिक नहीं है। किसान इन कानून को वापस करना चाह रहे हैं। सरकार वापस नहीं ले रही है। इसमें पंजाब के 40 से ज्यादा किसानों की मौत हो चुकी है।
यूपी और उत्तराखंड से एक भी किसान ने अपनी शरीर के प्राण नहीं दिए। मैंने भी इस बात पर विचार किया कि यूपी व उत्तराखंड से एक भी किसान ने अपना शरीर तीन कानून वापस करने को नहीं लगाया है। सो दास अपने शरीर के जीवन को तीनों कानून के विरोध में अपने आहुति दे रहा हूं। मेरे शरीर को मेरे घर पर न ले जाया जाए। जहां संगत चाहे वहां ले जाए और मेरे पोते ही देह को आग दे। इसमें मेरे बेटे, पोते या परिवार का कोई दोष नहीं है। इसके लिए कोई सलाह नहीं है। मेरे परिवार से कोई कार्रवाई और पूछताछ भी न की जाए।
कश्मीर सिंह 25 दिनों से आंदोलन में कर रहे थे सेवा
भाकियू टिकैत संगठन के बिलासपुर के अध्यक्ष मनजीत सिंह ने बताया कि कश्मीर सिंह पिछले करीब 25 दिनों से यूपी गेट पर लगने वाले लंगर में सेवा कर रहे थे। खाना पीना, कपड़ा, रजाई गद्दे समेत अन्य सामान की व्यवस्था भी संभाल रखी थी। उनका बेटा लखविंदर सिंह लाडी 31 दिसंबर की रात को ही रामपुर रवाना हुआ था। किसान की मौत के बाद से पूरे आंदोलन में शोक की लहर है।
फोरेंसिक ने जुटाए साक्ष्य, मोबाइल टॉयलेट को कब्जे में लिया
पुलिस अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद मोबाइल टॉयलेट को कौशांबी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मोबाइल टॉयलेट को यूपी गेट से पुलिस ने हटवा दिया है।
यूपी गेट पर लगे मोबाइल टॉयलेट में बुजुर्ग किसान का शव फंदे से लटका मिला था। मौके से सुसाइड नोट मिला है। सीओ फर्स्ट को किसान के शव के साथ रामपुर भेजा गया। रामपुर के एसपी से वार्ता की गई। रामपुर में ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी, गाजियाबाद