Faridabad: फरीदाबाद में धारा-144 हटते ही ट्रैक्टर को फूंका, गोदाम में तोड़फोड़; तीन के खिलाफ मामला दर्ज
फरीदाबाद के गोंछी में मंगलवार देर रात को एक युवक ने ट्रैक्टर में आग लगा दी। इससे पहले जिलाधीश और डीसी विक्रम सिंह ने तुरंत प्रभाव से जिले में सामान्य हुए हालात के मद्देनजर धारा 144 हटाने के आदेश दिए थे।
विस्तार
नूंह हिंसा की आग शहर में शांत नहीं हो रही है। मंगलवार रात एक बार फिर उपद्रवियों ने गौंछी जीवन नगर पार्ट-दो में गोदाम में तोड़फोड़ की। वहां खड़े एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। वारदात के दौरान गोदाम में पांच ट्रैक्टर खड़े थे।
आरोपियों की यह करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई। गोदाम मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना मुजेसर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
गौंछी जीवन नगर पार्ट-दो निवासी सद्दाम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि भवन निर्माण सामग्री सप्लाई का कारोबार करता है। घर के पास ही उसका गोदाम है। वहां ईंट, सीमेंट, लोहे का सरिया आदि रखा रहता है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि सुबह गोदाम पर पहुंचा तो देखा कि एक ट्रैक्टर अधजली हालत में था। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस को दी और गोदाम लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। उसमें देखा गया कि रात दो बजे एक युवक पेड़ के सहारे दीवार फांदकर गोदाम में घुसा और उसने एक ट्रैक्टर में आग लग दी।
ट्रैक्टर में आग लगाने के बाद उसी रास्ते से फरार हो गया। पीड़ित के अनुसार मदद में दो और युवक थे। गोदाम के बाहर आने-जाने वालों पर नजर रख रहे थे। पुलिस पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इससे पहले जिलाधीश और डीसी विक्रम सिंह ने तुरंत प्रभाव से जिले में सामान्य हुए हालात के मद्देनजर धारा 144 हटाने के आदेश दिए थे। जिलाधीश ने जारी आदेशों में आम नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह भी दी है।
बता दें कि जिलाधीश विक्रम सिंह ने 31 जुलाई को नूंह में हुए सांप्रदायिक तनाव के मद्देनजर जिले में धारा 144 लगाने के आदेश जारी किए थे। जिले में सामान्य हुए हालात के मद्देनजर जिलाधीश ने तुरंत प्रभाव से धारा 144 हटाने के आदेश दिए हैं। ऐसे में अब वर्तमान स्थिति के सावधानीपूर्वक मूल्यांकन के बाद यह देखा गया है कि जिले में सामान्य स्थिति वापस आ गई है।
इसी के मद्देनजर सीआरपीसी की धारा 144 के तहत लगाए गए प्रतिबंधों को जारी रखने की कोई आवश्यकता नहीं है। जिलाधीश ने जारी आदेशों में सभी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों को दें। प्रशासन जिलावासियों की सुरक्षा और भलाई तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए शांति भंग करने के किसी प्रयास या सांप्रदायिक सद्भाव को खतरे में डालने वाले लोगों से कानून रूप से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा।