फरीदाबाद। कोरोना संक्रमितों के आंकड़ों में लगातार कमी आ रही है। इन दिनों अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। मौजूदा समय में उपचाराधीन मरीजों की दर 3.8 फीसदी है। वहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों की दर में भी कमी आई है।
करीब 40 दिन बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या 250 से नीचे है। दिसंबर माह में नए मरीजों के आंकड़ों में तेजी से गिरावट आई है। बीते कुछ दिनों से नए मरीजों की संख्या 300 से नीचे बनी हुई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों में से ज्यादातर होम आइसोलेशन में हैं। जिले में 21 नवंबर तक अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या 538 तक पहुंच चुकी थी। वहीं, मंगलवार तक अस्पताल में भर्ती मरीजों का आंकड़ा 248 दर्ज किया गया। इससे पहले 25 अक्तूबर तक 235 मरीज अस्पताल में दाखिले थे। नवंबर के अंत तक अस्पतालों में भर्ती गंभीर मरीजों के आंकड़ों में काफी तेजी से वृद्धि हुई थी। सबसे अधिक 82 गंभीर मरीज इस दौरान अस्पताल में भर्ती रहे। वहीं, अब गंभीर मरीजों के आंकड़ों में भी गिरावट आई है। मौजूदा समय में 39 मरीज गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से 9 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि अब अधिकतर मरीज गैर लक्षण वाले रिपोर्ट हो रहे हैं। ऐसे मरीज का इलाज होम आइसोलेशन में संभव है। यही कारण है कि इन दिनों अस्पताल में भर्ती मरीजों के आंकड़ों में गिरावट आ रही है।