पूजा तिवारी मामले में आज होगी अमित की पेशी, SIT जांच पर सीएम ने साधी चुप्पी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पत्रकार पूजा तिवारी की संदिग्ध मौत में शक के दायरे में आए इंस्पेक्टर अमित की रिमांड मंगलवार को खत्म हो रही है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। जांच में काफी तथ्य मिलने की वजह से पुलिस फिलहाल उसे दोबारा रिमांड पर नहीं लेगी।
संभव है कि उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा। मालूम हो कि इंस्पेक्टर अमित के पत्रकार पूजा के साथ काफी घनिष्ठ संबंध थे। अमित ने ही कुछ दिन पहले सेक्टर 46 स्थित सद्भावना अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 509 पूजा को किराए पर दिलावाया था।
अमित यहां पूजा से मिलने अक्सर आता रहता था। काम की तलाश कर रही अपनी दोस्त अमरीन को भी पूजा ने इंदौर से बुला लिया था। 2 मई को अमित अपार्टमेंट पहुंचा था। यहां दोनों के बीच पूजा के दोस्त बंकी को लेकर विवाद हुआ था। लखनऊ में रहने वाले पूजा के दोस्त भरत की वायरल हुई फोन कॉल रिकॉर्डिंग से दोनों के बीच बंकी को लेकर हुआ विवाद सामने आया था।
पूजा को इंसाफ दिलाने के लिए सोशल मीडिया पर भी मुहिम
2 मई की रात करीब सवा बारह बजे हुई बातचीत के बाद दोनों फ्लैट में आ गए थे। रात करीब एक बजे अमरीन दोनों को छोड़कर अपने कमरे में चली गई, उसके जाते ही अमित ने बताया था कि पूजा ने छलांग लगा दी है।
पूजा के पिता रवि तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने डॉक्टर दंपति के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने का केस दर्ज किया था लेकिन भरत की कॉल का ऑडियो वायरल होने और मुंहबोली भाभी की शिकायत पर पुलिस ने अमित को गिरफ्तार किया था। डीसीपी एनआईटी ने बताया कि मंगलवार को अमित की रिमांड की अवधि पूरी हो रही है उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पत्रकार पूजा तिवारी को इंसाफ दिलाने की मुहिम सोशल साइट तक पहुंच गई है। फेसबुक पर जस्टिस फॉर पूजा तिवारी पेज बनाया गया है। इस पर सीबीआई जांच की मांग से लेकर लाइक और कमेंट किए जा रहे हैं। सोमवार शाम दिल्ली में निकाले गए कैंडल मार्च और सीबीआई जांच की मांग की फोटो इस पेज पर अपडेट की जा चुकी हैं। सोमवार शाम तक इस पेज को 615 लाइक मिल चुके हैं।
एसआईटी जांच के सवाल पर सीएम ने नहीं दिया संतोषजनक जवाब
पत्रकार पूजा तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच एसआईटी से कराने की मांग लगातार उठ रही है। सोमवार को भी एक पत्रकार एसोसिएशन ने यह मांग उठाई, लेकिन सीएम ने इस पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
नहर पार स्थित एक अस्पताल का शिलान्यास करने आए सीएम मनोहर लाल ने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। सीएम ने खुलासा किया कि पत्रकार पूजा की मौत की जानकारी उन्हें फरीदाबाद पुलिस से नहीं, बल्कि इंदौर से हुई थी। बताया कि मृतका के पिता रवि तिवारी इंदौर में बड़े पत्रकार हैं और पार्टी से उनके अच्छे संबंध हैं, उन्होंने ही घटना की जानकारी दी थी। जानकारी होते ही मामले की उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया था।
मामले में इंस्पेक्टर के आरोपी होने की वजह से जांच प्रभावित होने की आशंका जताए जाने पर सीएम ने कहा कि निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। यदि कुछ गड़बड़ लगती है तो उचित अधिकारी को जांच सौंपी जाएगी। उन्होंने पारदर्शी और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिला ते हुए कहा कि आरोपी चाहे पुलिसकर्मी हो या कोई और बख्शा नहीं दिया जाएगा।