इलाज के दौरान दिल्ली जल बोर्ड के मीटर इंस्पेक्टर की मौत, परिजनों ने थाने के बाहर लगाया जाम
- 20 जून को घर के पास ही स्कूटी सवार युवकों ने मारी थी गोली
- पुलिस पर लगाया कार्रवाई में ढिलाई बरतने का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बल्लभगढ़ में गोली लगने से 18 दिन पहले घायल हुए दिल्ली जल बोर्ड के मीटर इंस्पेक्टर हरीश की मंगलवार देर शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। गुस्साए परिजन बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे आदर्श नगर थाना पहुंचे। परिजनों ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई न करने का आरोप लगा जमकर हंगामा किया।
परिजनों ने करीब आठ बजे थाने के सामने बैरिकेड, मोटरसाइकिल व गाड़ियां लगाकर रास्ते को बंद कर दिया। मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त जयवीर राठी के समझाने बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और जाम खोला।
बुधवार सुबह मृतक हरीश सोलंकी के परिजन थाने के सामने एकत्रित होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठ गए। परिजनों की मांग थी कि मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर ओम प्रकाश को बर्खास्त किया जाए व आरोपी अमित उर्फ चोर को गिरफ्तार किया जाए।
मृतक के बड़े भाई दिनेश सोलंकी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी अमित उर्फ चोर नजर आ रहा है। आरोपी की पहचान के बावजूद अभी तक उसकी गिरफ्तारी नही हो सकी। परिजनों का आरोप था कि जांच अधिकारी ने जानबूझकर मामले में ढील बरती और आरोपी को भागने का मौका दिया।
जाम लगने की सूचना मिलने पर करीब 9 बजे सहायक पुलिस आयुक्त जयवीर राठी मौके पर पहुंचे और जाम लगा रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद करीब दस बजे लोगों ने जाम खोला। थाना आदर्श नगर प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अमित उर्फ चोर को पकड़ने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।
थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की दो टीमें भी उसकी तलाश कर रही हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सहायक पुलिस आयुक्त जयवीर राठी ने बताया कि जांच अधिकारी के मामले में ढिलाई बरतने के आरोपों की जांच करवाई जाएगी। आरोप सही पाए गए तो उस पर भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
ये है मामला
शहर के विजय नगर में सब्जी मंडी से सामान लेकर घर आ रहे हरीश सोलंकी को 20 जून की सुबह स्कूटी सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी। घायल हरीश दिल्ली जल बोर्ड में मीटर इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत था। घटनास्थल से मात्र कुछ दूरी पर ही हरीश का घर है। उसे घायलावस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है उनके घर सामने नीमका गांव निवासी एक व्यक्ति ने मकान किराए पर दिया हुआ है। आरोप है कि उस मकान में आए दिन असामाजिक किस्म के युवक आते रहते हैं जो अक्सर शराब पीकर हंगामा व गाली गलौच करते हैं। घटना से करीब 15 दिन पहले हरीश ने शराब पीकर हुड़दंग कर रहे युवकों को धमकाया था। इसी रंजिश में बदमाशों ने उसे गोली मारी थी।
कोविड 19 नियमों के तहत होगा दाह संस्कार
इलाज के दौरान डॉक्टरों ने हरीश को कोरोना पॉजिटिव बताया था। इस बात को लेकर डॉक्टर व परिजनों के बीच हंगामा भी हुआ था। अब हरीश की मौत के बाद उसका दाह संस्कार कोविड 19 नियमों के तहत ही होगा। मृतक के भाई दिनेश ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद स्वास्थ्य विभाग व निगमकर्मी हरीश का दाह संस्कार अजरौंदा स्थित शमशान घाट में करना चाहते थे, लेकिन परिजनों के अनुरोध पर अब उसका अंतिम संस्कार तिगांव रोड स्थित शमशान घाट में किया जाएगा।