साकेत मैक्स में हंगामा, परिजनों ने अस्पताल के बाहर की नारेबाजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में एक मरीज के परिजनों ने शुक्रवार को हंगामा कर दिया। अस्पताल के बाहर एकत्रित होकर परिजनों ने न सिर्फ नारेबाजी की, बल्कि डॉक्टरों पर भी गलत उपचार के अलावा अभद्रता करने के आरोप लगाए। वहीं अंबेडकर नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक अजय दत्त ने भी डॉक्टरों पर गाली गलौच के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी। विधायक अजय दत्त का कहना है कि वे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की मांग भी करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दक्षिणपुरी निवासी 32 वर्षीय सुनीत को उल्टी की शिकायत पर दो दिन पहले मैक्स अस्पताल में भर्ती किया था। आरोप है कि शुरुआत में अस्पताल प्रबंधन ईडब्ल्यूएस वर्ग के तहत मरीज को भर्ती करने से इंकार कर रहा था। काफी आनाकानी के बाद मरीज भर्ती कर दिया, लेकिन अगले ही दिन परिजनों को बगैर जानकारी दिए मरीज आईसीयू में पहुंच गया। शुक्रवार सुबह अस्पताल से फोन आया कि मरीज की तबियत ठीक नहीं है। ये जानकारी देते हुए सुनीत के पिता कुंवर पाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह जब वे अस्पताल पहुंचे तो वहां उनके बेटे के माथे पर चोट थी।
करीब सात टांके उसे आए हैं। डॉक्टरों से जब इसके बारे में पूछा तो वे गलत व्यवहार करने लगे। विधायक अजय दत्त का कहना है कि परिवार उनका परिचित है। जब वे अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर उनसे भी बदसलूकी करने लगे थे। इसके बाद परिजनों ने बाहर आकर नारेबाजी की। हाथ में मैक्स अस्पताल के खिलाफ नारे लिखकर परिजनों ने कार्रवाई की मांग भी की। काफी देर नारेबाजी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और उन्हें थाने ले गई। जहां परिजनों ने अस्पताल के खिलाफ शिकायत दी है।
अस्पताल ने किया आरोपों से इंकार
विधायक अजय दत्त ने बताया कि साकेत थाना पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए अस्पताल और डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं वे शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से भी इस मामले में संज्ञान लेने के लिए मुलाकात करेंगे। विधायक का यहां तक कहना है कि दो दिन पहले ही अस्पताल में एक बच्चा टोंसिल की परेशानी को लेकर भर्ती हुआ था और उसकी मौत हो गई। कुछ समय पहले उन्हीं के क्षेत्र के एक युवक का पैर टूटने के बाद उसे अस्पताल लाया गया था। उसके साथ गलत हुआ। उनका कहना है कि मैक्स अस्पताल ईडब्ल्यूएस वर्ग और उपचार को लेकर आम आदमी के खिलाफ काम करता है। इसलिए उन्होंने इसके खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना पर मैक्स अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों से इंकार कर किया है। अस्पताल का कहना है कि मरीज के बारे में हर जानकारी परिजनों को दी गई थी। मरीज एल्कोहल का सेवन करता है। जब डॉक्टर मरीज और उसके परिजनों की काउंसलिंग कर रहे थे, तब उसने खुद ही अपना सिर खिड़की से मारा था। इसके कारण वह लहूलुहान हुआ और उसे टांके आए हैं। अस्पताल का यहां तक कहना है कि किसी भी डॉक्टर ने बगैर गलत व्यवहार नहीं किया है। उधर अस्पताल से जुड़े लोगों का कहना है कि मरीज विधायक अजय दत्त का रिश्तेदार है। इसलिए वे इस तरह का माहौल बना रहे हैं।