कारोबारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी: मुठभेड़ में गिरफ्तार किए पांच बदमाश, एक के पैर में लगी गोली
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस की टीम ने बवाना इलाके में कारोबारी वैभव गांधी की गोली मारकर हत्या करने वाले पांच बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। शनिवार देर रात बवाना थाना पुलिस को बवाना के मुनक नहर के पास बदमाशों के मौजूद होने की जानकारी मिली थी।
विस्तार
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने बवाना इलाके में प्लास्टिक कारोबारी वैभव गांधी की गोली मारकर हत्या करने वाले पांच बदमाशों को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी शनिवार देर रात बवाना के मुनक नहर के पास हुई, जहां पुलिस को इन बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली थी। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार किए गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
9 फरवरी को बवाना औद्योगिक क्षेत्र में कारोबारी की हत्या हुई थी। बाइक सवार बदमाशों ने प्लास्टिक कारोबारी वैभव गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी और वारदात के बाद उनका एक लैपटॉप बैग लेकर फरार हो गए थे। इस जघन्य हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी थी।
घटना के कुछ समय बाद, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट डालकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों रणदीप मलिक और अनिल पंडित ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी। इस खुलासे ने पुलिस की जांच को एक नई दिशा दी और यह स्पष्ट हो गया कि यह एक सुनियोजित हत्या थी।
पुलिस हत्यारों को पकड़ने के लिए लगातार तकनीकी सर्विलांस और अन्य खुफिया जानकारियों के आधार पर पीछा कर रही थी। शनिवार देर रात, मुखबिरों से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर, बवाना थाना पुलिस की टीम ने बवाना के मुनक नहर के पास घेराबंदी की। जैसे ही बदमाशों ने पुलिस को देखा, उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पांचों बदमाशों को दबोच लिया।
स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को बवाना थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभी तक कि जांच में गैंगस्टर से बदमाशों का कोई संपर्क नहीं आया है। बदमाश लूटपाट के लिए वारदात को अंजाम दिया था। कारोबारी के वहां से भागने पर बदमाशों ने उनपर गोली चला दी थी। पुलिस गैंगस्टर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट को लेकर भी जांच कर रही है।