रोडरेज: डीटीसी बस ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी के सड़कों पर आए दिन होने वाले गुस्से का ताजा मामला रविवार सुबह मुंडका इलाके में देखने को मिला। एक बाइक सवार व उसकी मां ने डीटीसी बस टच कर जाने पर ड्राइवर की हेलमेट व आग बुझाने वाले उपकरण से पिटाई कर दी।
ड्राइवर को अचेतावस्था में डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मरने वाले ड्राइवर की पहचान झज्जर के करंदा गांव निवासी अशोक(42) के रूप में हुई। मुंडका थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार करीब प्रात: साढ़े नौ बजे अशोक रोहिणी डिपो तीन की लो फ्लोर बस को कर्मपुरा से बहादुरगढ़ जाने के लिए निकला। मुंडका-रोहतक रोड रानीखेड़ा ट्रैफिक लाइट पर पहुंचने पर बाई तरफ से बस एक अपाची बाइक से टच कर गई।
ये था पूरा मामला
टक्कर लगने से बाइक नीचे गिर गई। बाइक पर एक युवक और उसकी मां सवार थी। सड़क पर गिरते ही दोनों को खरोंच आई। ड्राइवर ने बस को रोक दी। युवक और उसकी मां तुरंत बस में सवार हो गईऱ् और युवक ड्राइवर को हेलमेट और घूंसों से पीटने लगा।
उसके बाद महिला ने ड्राइवर के पास लगे आग बुझाने के उपकरण को निकालकर अपने बेटे को दिया और युवक ने उससे भी अशोक पर हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया।
इस दौरान आरोपियों ने हेलमेट और आग बुझाने वाले उपकरण को बस के शीशे पर मारा। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस दौरान वहां काफी लोग जमा हो गए लेकिन किसी ने भी युवक व उसकी को नहीं रोका।
घायल होकर ड्राइवर स्टीयरिंग पर गया
पिटाई से अशोक अचेत होकर स्टेरिंग पर ही गिर गया। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी अपनी मां को बाइक पर बिठाकर वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने अशोक को उपचार के लिए डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान 11 बजे बजे अशोक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घटना की जानकारी अशोक के परिवार वालों को दे दी।
जांच में पता चला कि अशोक वर्ष 2002 में डीटीसी में भर्ती हुआ था।
आरोपी मुंडका का रहने वाला है
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी मुंडका का रहने वाला है। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि महिला अपने बेटे का नाम विजय बता रही थी।
महिला अपने बेटे से कह रही थी कि आज ड्राइवर को ऐसा मारों की उसे पता चले कि वह मुंडका के रहने वाले हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी युवक और उसकी मां की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
ड्राइवर के बेटे ने नौकरी और मुआवजा की मांग की
घटनास्थल पर पहुंचे अशोक के बेटे अजय ने सरकार से नौकरी और मुआवजे की मांग की है। अजय ने बताया कि उसके पिता घर में अकेले कमाने वाले थे। उनकी मौत के बाद उनके पालन पोषण के लिए परिवार के सदस्य को नौकरी मिलनी चाहिए।
अजय ने बताया कि उसे पुलिस वालों ने दस बजे फोन कर घटना की जानकारी दी। डिपो से भी उसके पास फोन गया था और बताया गया कि उसके पिता की हालत नाजुक है। वह बुढ़े बुजुर्र्गों को लेकर तुरंत यहां पहुंचे।
जिस दौरान मां बेटे अशोक पर हमला कर रहे थे। उस समय बस सवारियों से भरी थी। लेकिन किसी ने भी अशोक की पिटाई के दौरान उसे बचाने का प्रयास नहीं किया। अशोक के बेटे ने कहा कि अगर कोई भी बचाव के लिए सामने आता तो आज उसके पिता जिंदा होते। बस से बाइक टकराने से बाइक पर सवाल महिला और एक व्यक्ति मामूली रूप से घायल हो गए थे।