युवती पर टूटा कुत्तों का झुंड: 10 मीटर तक खींच ले गए कुत्ते, आठ जगह काटा...महिला बोली- दहशत भरे रहे ढाई मिनट
पीड़ित प्रगति गुप्ता ने बताया कि कुत्ते उस पर करीब ढाई मिनट तक हमलावर रहे। बचने के लिए उसने पहले चप्पल फेंका और फिर मोबाइल लेकिन कुत्ते लगातार हमला करते रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के राजनगर एक्सटेंशन की सोसायटियों में आवारा कुत्तों का आतंक कम नहीं हो रहा है। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे केडीपी ग्रैंड सवाना सोसायटी क्लब में बने जिम से अपने फ्लैट पर जा रही प्रगति गुप्ता पर छह-सात आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। हमले में वह जमीन पर गिर गई। गिरने के बाद कुत्तों ने उन्हें कंधे से पकड़कर करीब 10 मीटर तक खींचा और आठ जगह काटकर जख्मी कर दिया।
प्रगति गुप्ता ने बताया कि कुत्ते उस पर करीब ढाई मिनट तक हमलावर रहे। बचने के लिए उसने पहले चप्पल फेंका और फिर मोबाइल लेकिन कुत्ते लगातार हमला करते रहे। उसने शोर मचाया तभी सोसायटी में टहल रहे दो लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों को खदेड़ा। प्रगति नोएडा की एक कंपनी में क्वलिटी मैनेजर हैं। घटना के बाद उन्हें परिजन निजी अस्पताल इलाज के लिए ले गए जहां उनका इलाज चला। इलाज कराने के बाद रात करीब 12 बजे वह घर लौटीं।
50 से 55 कुत्ते सोसायटी में
प्रगति ने बताया कि उनकी सोसायटी में 50-55 आवारा कुत्ते हैं। कुछ पशु प्रेमी सोसायटी में जगह जगह कुत्तों को खाना खिलाते हैं। इससे कुत्ते पार्क और सार्वजनिक स्थानों पर हमेशा बने रहते हैं। हर किसी को देखकर भौंकते हैं। बच्चे डर की वजह से पार्क में खुलकर खेल नहीं पाते हैं। इस समस्या के निराकरण के लिए उन्होंने नगर निगम और एओए से शिकायत की है।
कुत्ता पकड़ने पहुंची निगम की गाड़ी तो पशु प्रेमियों ने किया विरोध
सोमवार को नगर निगम की गाड़ी सोसायटी में पहुंची तो कुछ पशु प्रेमियों ने विरोध करना शुरू कर दिया। कुछ देर के बाद निगम की गाड़ी बिना कुत्ता पकड़े वापस चली गई। एओए अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि निगम को सूचना दी गई थी। सोसायटी में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। निगम कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
सार्वजनिक स्थल पर खिलाया खाना तो कराएंगे एफआईआर
एओए अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी का कहना है कि जल्द ही वह एओए की बैठक बुलाएंगे और तय किया जाएगा कि यदि कोई भी कुत्तों को फीडिंग प्वाइंट से अलग कहीं खाना खिलाता पाया जाता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
क्या बोले जिम्मेदार?
नगर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी ने बताया कि टीम सोसायटी में भेजी गई थी। सोसायटी में ज्यादातर कुत्तों की नसबंदी हो चुकी है। कुत्ता पकड़ा नहीं गया है। मंगलवार को दोबारा टीम जाकर सर्वे करेगी और जिन कुत्तों की नसबंदी नहीं हुई है उन्हें पकड़कर नसबंदी कराई जाएगी।