पांचवीं मंजिल पर मरीज को कुत्ते ने काटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वी दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल के पांचवीं मंजिल पर स्थित वार्ड संख्या-15 में भर्ती बुजुर्ग मरीज को शुक्रवार को आवारा कुत्ते ने काट लिया। बुजुर्ग मोतियाबिंद की सर्जरी कराने के लिए अस्पताल में भर्ती हैं।
मरीज की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पहले कुत्ते के काटने से हुए घाव को दिखाने के लिए कहा। देर शाम तक मरीज को दोबारा सर्जरी के लिए ले जाया गया लेकिन उनकी हालत देख कर सर्जरी टालनी पड़ी। इस बारे में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया।
बता दें कि राजधानी में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि बीते महीने एक कुत्ते ने घर में सो रही मासूम बच्ची को नोच डाला था। जिसमें उसकी मौत हो गई थी।
वार्ड में टॉयलेट जाते समय काटा
जानकारी के अनुसार, मरीज तिलक सिंह (75) तीन दिन से अस्पताल में भर्ती हैं। शुक्रवार को उनकी मोतियाबिंद की सर्जरी होनी थी। सुबह करीब आठ बजे वह टॉयलेट जाने के लिए वार्ड के गैलरी में आए, तभी कुत्ते ने उन्हें काट लिया।
तय समय के अनुसार उन्हें सर्जरी के लिए ले जाया गया। इस दौरान उनके शरीर से खून बह रहा था। सिंह ने डॉक्टरों को बताया कि उन्हें कुत्ते ने काट लिया है। इस पर बुजुर्ग को ओपीडी भेज दिया गया। ओपीडी से उन्हें सर्जरी विभाग में रेफर कर दिया गया। यहां से दवा देने के बाद मरीज को वापस वार्ड में भेज दिया गया।
शुक्रवार को तिलक की सर्जरी नहीं हो पाई। गौरतलब है कि उपराज्यपाल ने कई बार निर्देश दिए हैं कि अस्पताल परिसर में कुत्ता नहीं दिखना चाहिए। इसके बावजूद अस्पताल-प्रशासन की ओर से इस संबंध में लापरवाही की गई।