दिल्ली विश्वविद्यालय: आज से शुरू होंगे कट ऑफ के आधार पर दाखिले, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक कर सकते हैं आवेदन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विश्वविद्यालय की पहली कट ऑफ के आधार पर लगभग 70 हजार सीटों के लिए ऑनलाइन दाखिले की दौड़ आज से शुरू होगी। प्रत्येक कट ऑफ में दाखिले के लिए तीन अवसर मिलेंगे।
12 से 14 अक्तूबर तक सुबह 10 से शाम पांच बजे तक दाखिला प्रक्रिया चलेगी। वहीं, 16 अक्तूबर तक फीस जमा कराई जा सकेगी। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार छात्रों को कॉलेज आने की मनाही की गई है। इसलिए दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी।
छात्रों को ऑनलाइन दाखिला डीयू के पोर्टल के माध्यम से ही लेना है। कॉलेज की ओर से दाखिला मंजूर होने के बाद फीस का भुगतान भी ऑनलाइन करना है। जाकिर हुसैन कॉलेज के दाखिला नोडल अधिकारी डॉ. गुरप्रीत सिंह टुटेजा का कहना है कि पहली कट ऑफ हाई है, लेकिन छात्रों को चिंता नहीं करनी चाहिए।
आने वाली कट ऑफ में गिरावट होगी। छात्रों को सलाह है कि पहली कट ऑफ में जहां दाखिला मिले, एक बार जरूर ले लें। कॉलेज खुलने के बाद उनके दस्तावेज का सत्यापन होगा। कुल पांच कट ऑफ जारी की जाएंगी। इसके बाद एक स्पेशल कट ऑफ निकाली जाएगी। सीटें खाली रहने पर और कट ऑफ भी जारी की जा सकती है। प्रवेश परीक्षा आधारित कोर्सेज के लिए दाखिला प्रक्रिया 19 अक्तूबर से शुरू होगी।
ये है कट ऑफ का शेड्यूल
- पहली : 12 से 14 अक्तूबर
- दूसरी : 19 से 21 अक्तूबर
- तीसरी : 26 से 28 अक्तूबर
- चौथी : दो से चार नवंबर
- पांचवीं : नौ से 11 नवंबर
- स्पेशल कट ऑफ 18 से 20 नवंबर
ऐसे होगा ऑनलाइन दाखिला
-छात्रों को अपने डैशबोर्ड पर जाकर लॉग-इन करना होगा। इसके लिए उन्हें यूजी दाखिला पोर्टल पर अपने पंजीकृत ई-मेल आईडी का प्रयोग करना होगा।
-इसके बाद छात्र को डैशबोर्ड पर दिखाई देगा कि वह किस कॉलेज में किस कोर्स के दाखिले के योग्य है।
-उनमें से किसी एक कॉलेज और कोर्स का चयन करना होगा।
-यूजी पोर्टल पर कॉलेज दाखिले की मंजूरी देगा। बाद में पोर्टल पर उन्हें कॉलेज फीस भुगतान के लिए एक लिंक भेजेगा।
-लिंक के माध्यम से फीस जमा करानी होगी। प्रशासन की सलाह है कि परेशानी से बचने के लिए फीस भुगतान के लिए अंतिम समय की प्रतीक्षा ना करें।
-ध्यान रखना होगा कि फीस भुगतान करने के बाद ही कॉलेज छात्रों का दाखिला पक्का करेगा।
-यदि किसी विद्यार्थी के दस्तावेज में कोई कमी है या फिर कोई दस्तावेज अपलोड नहीं किया तो कॉलेज इसके लिए छात्र को ई-मेल के माध्यम से सूचित करेगा।