लोगों के 'वीकेंड जाम' पर पुलिस ने कसी नकेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में वीकेंड कल्चर लोगों के दिलो दिमाग में तेजी से दौड़ता है। और इसी कल्चर का अहम हिस्सा होता है 'जाम'। दिल्ली पुलिस ने इस वीकेंड कल्चर और जाम के कॉकटेल पर शनिवार रात नकेल कसी।
ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ अभियान में दिल्ली पुलिस ने कुल 368 वाहन चालकों को शराब पीकर गाड़ी चलाने का दोषी पाया। करीब 108 जगह पर पांच घंटे चली कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने 368 वाहन चालकों को शराब पीकर गाड़ी चलाने का दोषी पाया।
तय मात्रा से बहुत ज्यादा शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 276 लोगों के वाहन जब्त कर लिए गए। रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने इनकी क्लास भी लगाई। इसमें उनको ड्रंकन ड्राइव से होने वाले नुकसानों के बारे में बताया गया।
शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक चला अभियान
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अनिल शुक्ला ने बताया कि शनिवार रात को बड़े पैमाने पर ड्रंकन ड्राइव के खिलाफ अभियान शुरू किया गया।
43 ट्रैफिक सर्किल में 108 टीमों के 540 से अधिक जवानों ने यातायात पुलिस के विशेष अभियान में हिस्सा लिया। शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक अभियान चला।
इसमें कुल 368 वाहन चालकों को शराब पीकर गाड़ी चलाने का दोषी पाया गया। इसमें 276 वाहनों को जब्त कर लिया गया, जबकि 114 वाहन मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
लोगों को यातायात से जुड़ी लघु फिल्म भी दिखाई गई
इस कार्रवाई के बाद ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय देवप्रकाश, शास्त्री मार्ग, पूसा में सभी वाहन चालकों की क्लास लगाई गई।
यहां एक एनजीओ की मदद से इनकी काउंसलिंग कर उन्हें यातायात से जुड़ी लघु फिल्म भी दिखाई गई। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इस साल अब तक 2085 वाहन चालकों की क्लास लगाई जा चुकी है।