तीन दिन रहेंगे सांसों पर भारी: बेहद खराब श्रेणी में दिल्ली की हवा; गुरुग्राम-ग्रेनो राजधानी से भी अधिक जहरीली
Delhi AQI Level Today : केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि बुधवार तक हवा हवा बेहद खराब श्रेणी में ही बरकरार रहेगी।
विस्तार
राजधानी में हवा की दिशा बदलने और गति धीमी होने के चलते फिजा एक बार फिर से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। ऐसे में रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 307 दर्ज किया गया। यह हवा की बेहद खराब श्रेणी है। इसमें शनिवार की तुलना में 40 सूचकांक की वृद्धि दर्ज की गई।
एनसीआर में गुरुग्राम सबसे प्रदूषित
दूसरी ओर, एनसीआर में गुरुग्राम की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 333 दर्ज किया गया, यह हवा की बेहद खराब श्रेणी है। वहीं, ग्रेटर नोएडा में 316, नोएडा में 307 और गाजियाबाद में 298 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा, फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां सूचकांक 215 दर्ज किया गया। यह हवा की खराब श्रेणी है।
वाहन से होने वाला प्रदूषण सबसे अधिक
दिल्ली में वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए निर्णय सहायता प्रणाली के अनुसार, वाहन से होने वाला प्रदूषण 13.74 फीसदी रहा। इसके अलावा पेरिफेरल उद्योग से 11.53, आवासीय इलाकों से 3.40, निर्माण गतिविधियों से 1.79 और सड़क से उड़ने वाली धूल की 0.92 फीसदी की भागीदारी रही। सीपीसीबी के अनुसार, रविवार को हवा उत्तर पश्चिम दिशा से 5 किलोमीटर प्रतिघंटे के गति से चली। वहीं, अनुमानित अधिकतम मिश्रण गहराई 1280 मीटर रही। इसके अलावा, वेंटिलेशन इंडेक्स 5910 मीटर प्रति वर्ग सेकंड रहा। दूसरी ओर, शाम चार बजे हवा में पीएम10 की मात्रा 233.4 और पीएम2.5 की मात्रा 135.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई।
अगले तीन दिन बेहद खराब रहेगी हवा
वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि बुधवार तक हवा हवा बेहद खराब श्रेणी में ही बरकरार रहेगी। इसके चलते सांस के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। साथ ही, लोगों को आंखों में जलन, खांसी और सिर दर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।