MSME conclave: एमएसएमई फॉर भारत कॉन्क्लेव आज दिल्ली में, अमर उजाला के आयोजन में वोकल फॉर लोकल पर रहेगा जोर
देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को नई दिशा देने, उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सशक्त बनाने के मकसद से अमर उजाला बृहस्पतिवार को दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में एमएसएमई फॉर भारत कॉन्क्लेव-2025 का आयोजन कर रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को नई दिशा देने, उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सशक्त बनाने और “वोकल फॉर लोकल” के विजन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से अमर उजाला आज भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में एमएसएमई फॉर भारत कॉन्क्लेव, एक्सपो व एवं अवार्ड्स 2025 का आयोजन कर रहा है।
यह कार्यक्रम अमर उजाला के एमएसएमई मंथन की उस ऐतिहासिक श्रृंखला का समापन है, जो सितंबर माह में 8 राज्यों के 26 शहरों में आयोजित हुई थी और जिसमें 5000 से अधिक उद्यमी, स्टार्टअप फाउंडर्स और नीति-निर्माताओं ने भाग लिया था। इस अवसर पर केंद्रीय एमएसएमई मंत्री श्री जीतनराम मांझी मुख्य अतिथि होंगे।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा भी माैजूद रहेंगे। विशेष अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ उद्यमियों के साथ संवाद करेंगे। आयोजन न केवल एमएसएमई के लिए एक प्रेरणादायक मंच बनेगा, बल्कि यह भारत के उद्यमों को स्थानीय से वैश्विक स्तर तक आगे बढ़ाने का आत्मविश्वास भी देगा।
अवॉर्ड समारोह और एक्सपो के आकर्षण
कार्यक्रम के विशेष आकर्षण एक्सपो में विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी भारतीय और वैश्विक कंपनियां अपने नवीनतम उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम के समापन सत्र में 15 कैटेगरी में 60 विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज अवार्ड्स से सम्मानित किया जाएगा।
प्रवेश संबंधी निर्देश
- मेट्रो से आने वाले प्रतिभागी गेट नंबर 10 से प्रवेश करें
- कार से आने वाले प्रतिभागियों के लिए गेट नंबर सात से एंट्री होगी
पूंजी, नीति और नवाचार पर केंद्रित पहला सत्र
• फंडिंग का फ्यूचर : सत्र में डॉ. शुभ्रांशु आचार्य, रजनीश कुमार और मनीष शाह एमएसएमई के लिए निवेश और पूंजी जुटाने के अवसरों पर विचार साझा करेंगे।
• फ्यूचर रेडी एमएसएमई : सत्र में अशोक सैगल, अनिल भारद्वाज और आर.के. सिंह नीति, प्रौद्योगिकी और विकास को जोड़ने की रणनीतियां बताएंगे। आरती रामकृष्णन और अनुराग सिंघी प्रेरक संबोधन देंगे
• एमएसएमई रिइन्वेंशन : सत्र में सरवना कुमार और निनाद कार्पे बताएंगे कि उद्यम ‘सर्वाइवल से सस्टेनेबल स्केल’ तक कैसे पहुंच सकते हैं। इन सत्रों का उद्देश्य उद्यमियों को पूंजी, नीति और नवाचार के व्यावहारिक दृष्टिकोण से सशक्त बनाना है।
देश के शीर्ष विशेषज्ञ और लीडिंग इंडियन क्रिकेटर रखेंगे विचार
कार्यक्रम के दौरान आयोजित होने वाले आठ विचार-सत्रों में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ, परेश रावल, डॉ. विकास चतुर्वेदी, अनुराग सिंघी, अनिल भारद्वाज, नितिन जोशी, शुभ्रांशु सिंह, विनीत विजयवर्गीय, निनाद कार्पे, इरविन आनंद, रजनीश कुमार, थम्पी कोशी, मनीष शाह, डॉ. सुभ्रांशु शेखर आचार्य, सुनील चोपड़ा, अशोक सहगल, संजय कथूरिया, डॉ. आर.के. सिंह, यतिन शाह, सरवना कुमार, विशाल कौशिक और आरती रामकृष्णन जैसे उद्योग, नीति, नवाचार और डिजिटल जगत के अग्रणी चेहरे अपने विचार साझा करेंगे।
दूसरा हाफ: ब्रांडिंग, ग्लोबल विस्तार और प्रेरक संवाद
• ‘ब्रांड डिस्कवरी से लास्ट-माइल डिलीवरी तक : ओएनडीसी के थम्पी कोशी, इरविन आनंद और कैडी वेंचर्स के विशाल कौशिक डिजिटल वितरण और ब्रांड रणनीति पर चर्चा करेंगे।
• लोकल टू ग्लोबल : नितिन जोशी और डॉ. विकास चतुर्वेदी एमएसएमई को विश्वस्तरीय बनाने की रणनीतियां साझा करेंगे।
• फायरसाइड चैट में अभिनेता परेश रावल और भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ अपने अनुभवों के माध्यम से प्रेरक संवाद करेंगे।
सम्मान समारोह और समापन
दिनभर चलने वाले इस आयोजन का समापन अवार्ड समारोह से होगा, जिसमें 15 श्रेणियों के 60 उत्कृष्ट उद्यमियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
ये प्रतिष्ठित संस्थान बने आयोजन के सहयोगी
इस आयोजन में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सरकारें राज्य साझेदार हैं। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग सह-प्रायोजक है। मूर सिंघी नॉलेज पार्टनर, किआ ड्रिवेन बाय पार्टनर, निंबसपोस्ट शिपिंग एवं पूर्ति साझेदार, एक्सलरेट मीडिया इंफ्लुएंसर मार्केटिंग पार्टनर, 360 वन वेल्थ और मध्य प्रदेश सरकार एसोसिएट पार्टनर के रूप में जुड़ी हैं।