फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   delhi metro rail corporation says no train movement between Sultanpur Qutub Minar metro temporary

येलो लाइन: मेट्रो सेवा ठप होने से यात्री हुए बेहाल, चार घंटे तक दिल्ली-गुरुग्राम का संपर्क कटा

Tue, 21 May 2019 01:47 PM IST
पूजा त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: पूजा त्रिपाठी Updated Tue, 21 May 2019 01:47 PM IST
विज्ञापन
delhi metro rail corporation says no train movement between Sultanpur Qutub Minar metro temporary
दिल्ली मेट्रो खराब होने के कारण सेवाएं बाधित हजारों लोग परेशान - फोटो : अमर उजाला/डीएमआरसी

दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर समयपुर बादली से हुडा सिटी सेंटर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए मंगलवार का दिन मुसीबत भरा रहा। ओवरहेड इलेक्ट्रिकल (ओएचई) वायर टूटने से दिल्ली और गुरुग्राम का संपर्क चार घंटे से ज्यादा देर तक टूटा रहा। तकनीकी खराबी के कारण कुतुबमीनार और सुल्तानपुर मेट्रो स्टेशनों के बीच सुबह 9.27 बजे मेट्रो सेवा ठप हो गई। इसके चलते पीक आवर में यात्रियों को इस साल की सबसे बड़ी परेशानी झेलनी पड़ी। बीच रास्ते थमी दो ट्रेनों के करीब 5600 यात्रियों को ट्रैक पर ही उतारा गया। मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ के कारण येलो लाइन की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। 

विज्ञापन


कुतुबमीनार और सुल्तानपुर सेक्शन के बीच ओएचई वायर टूटने से कुतुबमीनार से छतरपुर की ओर जा रही एक ट्रेन रास्ते में ही रुक गई। वहीं दूसरी ट्रेन छतरपुर से सुल्तानपुर की ओर जाते वक्त बीच में ही रुक गई। इससे 15-20 मिनट तक यात्री ट्रेनों में ही फंसे रहे। ओएचई वायर टूटने की खबर मिलने पर एक ट्रेन से 11:10 बजे पर 2600 यात्रियों को और 11:27 बजे पर दूसरी ट्रेन से करीब 3000 यात्रियों को पटरियों पर उतार दिया गया। 
विज्ञापन


ट्रेैक पर पैदल चलकर मेट्रो स्टेशन पहुंचे यात्री
ट्रेनों से उतरे यात्रियों को मेट्रो पुल पर पैदल चलकर छतरपुर और कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन पर पहुंचा पड़ा। इन यात्रियों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। हालांकि इन यात्रियों को स्टेशनों तक पहुंचाने में डीएमआरसी स्टॉफ ने भी मदद की। 
विज्ञापन
विज्ञापन

 

दोपहर 1.30 बजे तक बंद रखी मेट्रो सेवा

ओएचई वायर टूटने से आई तकनीकी खराबी के कारण सैकड़ों यात्री अपने गंतव्यों तक नहीं पहुंच सके। मेट्रो प्रबंधन ने कुतुबमीनार और सुल्तानपुर के बीच मेट्रो सेवा को दोपहर करीब डेढ़ बजे तक बंद रखा। इस बीच समयपुर बादली से हुडा सिटी सेंटर के बीच ट्रेनों को दो लूप में चलाया गया। पहला लूप समयपुर बादली से कुतुब मीनार और दूसरा लूप हुडा सिटी सेंटर से सुल्तानपुर के बीच चलाया गया। इस बीच येलो लाइन के सभी स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। पूरी लाइन पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। समयपुर बादली की ओर से हुडा सिटी सेंटर जानी वाली ट्रेनों को कुतुब मीनार पर खाली कराया जबकि हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली जाने वाले यात्रियों को सुल्तानपुर मेट्रो स्टेशनों पर उतारा गया। 

यात्रियों के लिए चलाईं फीडर बसें
कुतुब मीनार और सुल्तानपुर मेट्रो स्टेशनों के बीच फंसे यात्रियों को अगले स्टेशनों से कनेक्ट करने के लिए डीएमआरसी ने 29 मेट्रो फीडर बसें चलाईं, लेकिन भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था बनी रही। आलम यह हो गया कि दोनों स्टेशनों के बाहर सड़कों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा होने से सड़क पर भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। इस दौरान कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन पर फंसे यात्रियों को अगले स्टेशनों तक पहुंचाने में साउथ दिल्ली पुलिस ने भी मदद की। यात्रियों की मदद के लिए पुलिस वैन को मौके पर तैनात किया गया। डीएमआरसी की ओर से पानी की सुविधा दी गई और बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष इंतजाम किए गए। 

चार घंटे बाद बहाल हुई मेट्रो सेवा
सुबह 9:27 बजे से 11:50 बजे तक कुतुबमीनार और सुल्तानपुर के बीच मेट्रो संपर्क पूरी तरह टूटा रहा। इसके बाद 11:50 बजे कुतुब मीनार और सुल्तानपुर के बीच सिंगल लाइन पर ट्रेन चलाई गई। दोपहर 1:15 बजे तक ओएचई वायर को जोड़ा जा सका। डीएमआरसी की ओर से करीब 1 बजकर 30 मिनट पर अप एंड डाउन ट्रैक पर मेट्रो सेवा को बहाल कर दिया गया, लेकिन यात्रियों को इसके बाद भी ट्रेनों के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। 
 

यात्रियों की भीड़ से साउथ दिल्ली की सड़कों पर लगा जाम

येलो लाइन पर ओएचई वायर टूटने के बाद कुतुब मीनार और सुल्तानपुर सेक्शन के बीच मेट्रो सेवा ठप होने से इन स्टेशनों पर फंसे यात्रियों की भीड़ के कारण साउथ दिल्ली में यातायात व्यवस्था चरमरा गई।  यात्रियों की मदद के लिए पुलिस ने सड़क के बीच में रस्सी बांधकर बेरिकेटिंग की और सड़क पर चल रहे वाहनों को सीधी दिशा में आगे बढ़ाया।

इस बीच काफी देर तक कुतुब मीनार के आसपास के इलाके में जाम के हालात बने रहे। यात्रियों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए कोई सार्वजनिक साधन नहीं मिलने पर वह पैदल ही सड़क पर चलने लगे। यह देख डीसीपी साउथ दिल्ली ने परिवहन व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए मौके पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की। पुलिस कर्मियों ने सड़क पर लगे जाम को कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।

सोशल मीडिया पर छाया मेट्रो ठप होने का मुददा
येलो लाइन पर तकनीकी खराबी के कारण ट्रेनों औैर स्टेशनों पर फंसे यात्रियों ने सोशल मीडिया पर दिल्ली और केन्द्र सरकार से शिकायत करते हुए डीएमआरसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। दिल्ली निवासी लक्ष्य ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि डीएमआरसी की लापरवाही के कारण इतनी बड़ी घटना हुई है। डीएमआरसी मेट्रो रेल नेटवर्क के रखरखाव पर पूरा ध्यान नहीं दे रहा है, जिस कारण आए दिन लोगों को तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही फेसबुक पर भी दिनभर यात्रियों की शिकायतों का सिलसिला बना रहा।

कई स्टेशनों पर रोका यात्रियों का प्रवेश

कुतुब मीनार और सुल्तानपुर के बीच मेट्रो सेवा ठप होने के कारण कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन प्लेटफार्म पर उमड़ी यात्रियों की भीड़ को सुबह करीब 10:30 बजे येलो लाइन के प्लेटफार्म पर जाने से रोक दिया गया। इस बीच करीब 25 मिनट तक यात्री प्लेटफार्म पर पहुंचने के लिए परेशान हुुए।

स्टेशनों पर बंद की गई टोकन की बिक्री
तकनीकी खराबी के कारण सुल्तानपुर और कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशनों के नजदीकी मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ के कारण टोकन की बिक्री रोक दी गई। सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन पर फंसे यात्री खुर्शीद डार ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब 1:50 बजे टोकन नहीं मिला। स्टेशन पर टोकन की बिक्री बंद कर दी गई। इस बीच काफी देर तक केवल मेट्रो कार्ड धारक यात्रियों को ही स्टेशन में प्रवेश दिया गया। यात्री शारिक ने आरोप लगाया कि वह करीब साढ़े 12 बजे चावड़ी बाजार से मेट्रो में सवार हुआ और डेढ़ बजे तक वह केवल 7 मेट्रो स्टेशन पार करके आईएनए तक ही पहुंच सके।

वापस जाने वाले यात्रियों से भी वसूला किराया
मेट्रो यात्रियों को वहीं वापस लौटना पड़ा, जहां से वे मेट्रो में सवार हुए थे, लेकिन इस बाबत भी यात्रियों से किराया वसूला गया। मेट्रो यात्री सुमन ने बताया कि उन्हें कुतुब मीनार से आगे मेट्रो नहीं मिलने के कारण वापस प्रताप नगर आना पड़ा, लेकिन यात्रा से अधिक समय तक स्टेशन पर रहने के लिए अतिरिक्त किराय वसूला गया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed