आर्थिक तंगी के चलते छापने लगा नकली नोट, आइसक्रीम विक्रेता के पास कर रहा था चलाने की कोशिश
मौरिस नगर थाना पुलिस ने फोटो कॉपी की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार को नकली नोट छापने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से पुलिस ने सौ रुपये कीमत के आठ और दो सौ रुपये के चार नोट बरामद किए हैं।
आरोपी एक आइसक्रीम विक्रेता के पास नकली नोट चलाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस की कान और नाक बने आइसक्रीम विक्रेता एक बार तो उसे छोड़ दिया लेकिन दूसरी बार नोट को चलाने का प्रयास करने पर उसने पुलिस को जानकारी दे दी।
जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि आरोपी की पहचान कमला नगर निवासी सुरेंद्र कुमार(44) के रूप में हुई है। वह फोटो कॉपी की दुकान चलाता है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि आर्थिक तंगी की वजह से वह नकली नोट छापने लगा।
पुलिस ने उसके कब्जे से फोटोकॉपी की मशीन जब्त कर लिया है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पुलिस की आंख और नाक स्कीम के सदस्य पांडव कुमार मल्कागंज इलाके में आइसक्रीम बेचता है। 20 अगस्त को उसके पास सुरेंद्र आया और सौ रुपया देने के बाद पचास रुपये का आइसक्रीम लिया।
सुरेंद्र पचास रुपये लेकर चला गया। सौ रुपये की नोट देखकर पांडव को कुछ शक हुआ। अगले दिन फिर सुरेंद्र उससे सौ रुपये का नोट देकर आइसक्रीम देने को कहा। सुरेंद्र को आइसक्रीम देने के बाद पांडव ने इसकी शिकायत गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को कर दिया।
पुलिसकर्मियों ने सुरेंद्र को दबोच लिया और पूछताछ से नकली नोट छापने का खुलासा हुआ। उसने बताया कि वह रात को नोट को चलाने की कोशिश करता था ताकि कम रोशनी में नकली नोट की पहचान न हो सके।