IPL सट्टेबाजी के साये में दिल्ली, हो रहे खुलासे
दिल्ली में आईपीएल टी-20 टूर्नामेंट पर जमकर सट्टेबाजी हो रही है। सट्टेबाजी के पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय है जिस पर पुलिस के साथ अन्य संस्थएं भी कड़ी नजर बनाए हुए है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आईपीएल व इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों में सट्टेबाजी में करोड़ रुपये के हवाला व मनी लाँड्रिंग की जांच के सिलसिले में दिल्ली के दो लोगों को तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया है।
ईडी इन दोनों आरोपियों को अहमदाबाद कोर्ट के समक्ष पेश करेगी। इन पर 4000 करोड़ रूपये के कथित हवाला और मनी लांड्रिंग के आरोप लगे हैं।
दोनों पर हवाला और मनी लांड्रिंग के आरोप
ईडी ने आरोपी रितेश बंसल उर्फ भरत व अंकुश बंसल को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। सीएमएम संजय खनगवाल के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड मांगा। अदालत ने ईडी के आग्रह पर तीन दिन का रिमांड सौंपा है।
आरोपियों को तेरह मई को अहमदाबाद गुजरात की कोर्ट में पेश किया जायेगा। आरोपियों की रिमांड पर सुनवाई के दौरान ईडी के वकील एनके माटा ने कहा कि आईपीएल व इंटरनेशल मैचों में हवाला व मनी लांड्रिंग हो रही है।
इंटरनेशनल ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी की जानकारी मिलने पर इस बाबत शिकायत दर्ज की गयी है। सूत्रों के मुताबिक तलाशी में इनसे नकदी के अलावा 250 से ज्यादा सेलफोन, हार्ड ड्राइव, लैपटॉप और अन्य कंप्यूटर सामग्री बरामद हुई। इन उपकरणों का इस्तेमाल इस सिंडिकेट को चलाने के लिए किया जाता था ।