केजरीवाल सरकार ने अजय देवगन को भेजा नोटिस, कहा- बच्चों को भ्रमित न करें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बता दें कि अजय देवगन टेलीविजन पर आने वाले एक विज्ञापन में तंबाकू उत्पाद का प्रमोशन करते हैं। इसी विज्ञापन को देखते हुए सरकार ने यह नोटिस जारी किया है।
इस बारे में अतिरिक्त स्वास्थ्य निदेशक एसके अरोड़ा ने बताया कि पान मसाले का यह विज्ञापन तंबाकू उत्पादों के ब्रांड प्रचार के लिए किया जा रहा है जो कि उपभोक्ताओं विशेष तौर पर नाबालिगों को भ्रमित करने वाला है। साथ ही यह सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद कानून, 2003 के तहत जन स्वास्थ्य आचरण का भी उल्लंघन है।
हालांकि निदेशक ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस कानून के उल्लंघन की जिम्मेदारी तंबाकू कंपनी पर है लेकिन, विज्ञापन में दिखकर अजय देवगन ने भी इसका उल्लंघन किया है। देखना होगा कि अजय देवगन इस नोटिस का जवाब कैसे देते हैं।
अभिनेताओं की पत्निओं को लिख चुके हैं पत्र
यह पहला मौका नहीं है जब दिल्ली सरकार ने किसी बॉलीवुड कलाकार को ऐसी हिदायत दी है। इससे पहले भी दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से फिल्म अभिनेताओं की पत्नी को पत्र लिखकर आग्रह किया गया था कि अपने-अपने पति को पान-मसाला के प्रचार-प्रसार करने से रोकें।
हालांकि पहले स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभिनेताओं को पत्र लिखा गया था लेकिन कोई जवाब न मिलने के बाद अभिनेताओं की पत्नी को पत्र लिखकर आग्रह किया गया।
दिल्ली सरकार ने अजय देवगन की पत्नी काजोल, शाहरुख खान की पत्नी गौरी, अरबाज खान की पत्नी मलाइका अरोड़ा खान और गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा को पत्र लिखकर ऐसा आग्रह किया था।
सरकार ने इन सभी से सरकार की तंबाकू के खिलाफ चल रहे आंदोलन में शामिल होने का भी आग्रह किया था। पत्र में यह भी कहा गया था कि कई रिसर्च से यह स्पष्ट हो गया है कि सुपारी युक्त पान-मसाला में कैंसर के तत्व होते हैं।
इन अभिनेताओं के साथ ही सनी लियोनी को भी पान-मसाला का प्रचार-प्रसार न करने के लिए पत्र लिखा गया था। इसके बाद उनके पति डैनियल वेबर का जवाबी पत्र मिला था।
इसमें उन्होंने कहा था कि सनी लियोनी भविष्य में पान-मसाला का प्रचार-प्रसार नहीं करेगी। यही नहीं जिस पान-मसाला कंपनी से प्रचार का अनुबंध है उसे तोड़ने के कानूनी पहलुओं पर भी चर्चा करने की बात कही थी।