दिल्ली: कनाडा भेजने के नाम पर करते थे ठगी, दो गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कनाडा भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने बुधवार को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान ग्रेटर नोएडा निवासी (मूल निवासी कानपुर) शिवम कायस्थ उर्फ साहिल और गांधी ग्राम पार्क रोड, देहरादून (उत्तराखंड) निवासी ईश्वेंद्र सिंह उर्फ सन्नी गिल के रूप में हुई है। आरोपियों को नोएडा सेक्टर-55 के एक होटल में छापा मारकर पकड़ा गया। पुलिस की मानें तो आरोपी कनाडा भेजने की बात कर अपने शिकार को दिल्ली बुलाते थे। इसके बाद होटल में फर्जी रेड डलवाकर उनसे मोटी रकम हड़प ली जाती थी। रेड डालने वाले आरोपी खुद को एयरपोर्ट अथॉरिटी का अधिकारी बताते थे।
आरोपियों ने पंजाब के गुरदासपुर निवासी एक युवक से 37 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 14 मोबाइल, ठगी के पांच लाख रुपये और कार बरामद की है। वसंत कुंज थाना पुलिस को गैंग के सरगना समेत अन्य लोगों की तलाश है।
दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त देवेंद्र आर्य ने बताया कि 30 जून को वसंत कुंज साउथ थाने में गुरदासपुर निवासी कैप्टन अमरीक सिंह ने 37 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। अमरीक ने पुलिस को बताया कि उनका रिश्तेदार निरंजन सिंह नौकरी के लिए कनाडा जाना चाहता था। निरंजन के दोस्त विक्रमजीत ने 25 जून को फेसबुक पर कनाडा वीजा नामक एक पेज देखा। निरंजन को इस बारे में बताकर फेसबुक पेज चलाने वाले संदीप सिंह नामक शख्स से संपर्क किया। उसने कनाडा का वीजा और नौकरी दिलवाने के नाम पर 37 लाख रुपये की मांग की। उसने कहा कि रुपये कनाडा भेजने के बाद ही लेगा, जिसे इन लोगों ने मान लिया। 28 जून को निरंजन, उसके दोस्त और रिश्तेदार दिल्ली पहुंचे। यहां उसने व्हॉट्सऐप कॉल कर निरंजन को वसंत कुंज के एक होटल में बुला लिया।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
होटल में मौजूद एजेंट ने निरंजन के पास कैश देखा और वीजा का इंतजाम करने के लिए कहा। इस बीच अगले दिन खुद को विनीत बताने वाले शिवम ने निरंजन को व्हॉट्सएप कॉल की। शिवम ने बताया कि उसकी टिकट बुक है और वह एयरपोर्ट आ जाए। निरंजन एयरपोर्ट के लिए निकला। इस बीच खुद को एयरपोर्ट अथॉरिटी का ऑफिसर बताने वाले कुछ लोगों ने होटल में रेड डाली। आरोपियों ने कहा कि वह अवैध रूप से लोगों को कनाडा भेजते हैं। गिरफ्तारी का डर दिखाकर आरोपियों ने निरंजन के रिश्तेदारों व परिवार वालों से 37 लाख रुपये ले लिए। घटना के दौरान आरोपी होटल की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। बाद में सभी फरार हो गए। घटना के बाद निरंजन और बाकी लोगों को ठगी का पता चला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से एक आई-10 कार के वारदात में इस्तेमाल होने का पता चला। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पंजाब के जीरकपुर में भी वारदात को अंजाम देने गए थे। वहां भी पुलिस को एक होटल की सीसीटीवी फुटेज मिली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर नोएडा सेक्टर-55 के एक होटल में छापा मारकर शिवम और ईश्वेंद्र सिंह को दबोच लिया। दोनों ने वारदात में अपना हाथ होने की बात कुबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि गैंग का सरगना सचिन शर्मा नामक शख्स है। उसके कहने पर ही यह वारदात में शामिल हुए थे।
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस पूछताछ में आरोपी शिवम व ईश्वेंद्र सिंह ने बताया कि फेसबुक के जरिये सचिन शर्मा से मुलाकात हुई थी। उसने दोनों से कहा कि दोनों बातचीत करने में बढ़िया हैं, इसलिए आसानी से वह अपने शिकार को जाल में फंसा सकते हैं। सचिन के कहने पर दोनों ठगी के लिए तैयार हुए। 28 जून को वह सचिन के कहने पर जीरकपुर गए थे। आरोपियों ने फेसबुक पर कनाडा वीजा के नाम से फर्जी पेज बनाया हुआ था। वहां जैसे ही कोई उनसे संपर्क करता, तो उसे वीजा और नौकरी दिलवाने का आश्वासन दिया जाता था। इसके बाद पीड़ितों को दिल्ली बुलाकर फर्जी रेड डलवाकर उनसे रकम ऐंठ ली जाती थी।