{"_id":"6242ab490718dd598c4c6514","slug":"delhi-firefighting-operations-going-on-at-ghazipur-landfill-site-after-hours-locals-feeling-unease-in-breathing","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली : अब तक सुलग रही है कूडे़ के पहाड़ में लगी आग, धुएं से फूल रही सांस, लाखों लोग बेचैन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली : अब तक सुलग रही है कूडे़ के पहाड़ में लगी आग, धुएं से फूल रही सांस, लाखों लोग बेचैन
Wed, 30 Mar 2022 06:31 AM IST
पूजा त्रिपाठी
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: पूजा त्रिपाठी
Updated Wed, 30 Mar 2022 06:31 AM IST
सार
फायर डिपार्टमेंट के अनुसार सोमवार को दोपहर में 2.30 बजे उन्हें गाजीपुर से फोन आया कि कूड़े के पहाड़ में आग लग गई है। इसके बाद दमकल विभाग की गाड़ियां वहां पहुंची और तब से ही आग बुझाने का कार्य जारी है।
विज्ञापन
गाजीपुर के कूड़े के पहाड़ में लगी आग
- फोटो : एएनआई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजीपुर लैंडफिल साइट पर लगी आग पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका है। दमकल की चार गाड़ियां और नगर निगम का दस्ता आग पर काबू पाने में जुटे थे।
विज्ञापन
उधर, पूर्वी जिला पुलिस ने लैंडफिल साइट पर आग लगने के मामले में अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 278, 336 और 285 (स्वास्थ्य के लिए हानिकारक वातावरण बनाने, लापरवाही बरतने और दूसरों के जीवन को खतरे में डालने का मामला) के तहत केस दर्ज किया है। आग से फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
विज्ञापन
वहीं नजदीक की कॉलोनियों में रहने वाले लोग बुरी तरह से जहरीले धुएं की चपेट में हैं। धुएं से लोगों की सांस फूल रही है। लैंडफिल साइट पर फेंके गए कपड़े और पॉलिथीन लगातार सुलग रहे थे।
विज्ञापन
अब भी नहीं बुझी आग, एफआईआर, आंखें लाल पड़ीं, दो दिन से कोई सोया नहीं
लैंडफिल साइट के पास राजबीर कॉलोनी में 70 साल की बुजुर्ग महिला शकुंतला सर पकड़े बैठी थीं। उन्होंने बताया कि सांस लेने में उनको परेशानी हो रही है। घर का दरवाजा बंद करने पर भी बदबू नहीं जा रही है। ऐसा लगता है कि जैसे खाने-पीने की चीजों में धुआं भर गया है। सबकी आंखें लाल पड़ गई हैं, दो दिन से कोई सोया ही नहीं है।
कूड़े को उलटने-पलटने में लगी रहीं जेसीबी
पूर्वी निगम प्रशासन की समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर लैंडफिल साइट पर लगी आग कैसे बुझेगी। मंगलवार को दिनभर लैंडफिल साइट पर दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई थीं। जेसीबी कूड़े को उलटने-पलटने में लगी थीं, लेकिन लैंडफिल साइट से निरंतर धुएं का गुबार निकलता ही जा रहा था। उधर, जहरीले धुएं से लाखों लोगों का जीवन खतरे में है। मयूर विहार के फेज-3 तक धुआं फैला है। पास की मुल्ला कॉलोनी, घड़ौली, गाजीपुर जैसे गांव धुएं से सर्वाधिक प्रभावित हैं। इसके अलावा रात को यह धुआं पूर्वी दिल्ली के साथ-साथ पूरी दिल्ली में फैल रहा है।
गर्म हवा का प्रवाह आग फैलने में मदद कर रहा
आग बुझाने में जुटे दमकल कर्मियों की मानें तो इस बार आग कूड़े के पहाड़ के अंदर तक फैल गई है। इस पर चाहे जितने दबाव से पानी की बौछारें मारी जा रही हैं, लेकिन पानी अंदर नहीं पहुंच पा रहा है। इसके अलावा गर्म हवा का प्रवाह भी आग को फैलने में मदद कर रहा है। मंगलवार को पूरे दिन गर्म हवा चलती रही। पूर्वी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष बीर सिंह पवार ने कहा कि लैंडफिल साइट में मीथेन गैस भरी पड़ी है। गर्मी बढ़ने के कारण इसमें अपने आप भी आग लग जाती है। ऐसा लगता है कि आग अपने आप गैस की वजह से ही लगी है।
अब तो नेता भी हार मान चुके हैं, कहते हैं कि कूड़े का पहाड़ यहां से उठाकर कहां ले जाएं। इस कूड़े के पहाड़ के कारण घर के एसी, कूलर-पंखा, मोटर साइकिल सब जल्दी खराब हो जाते हैं।
- शकुंतला, स्थानीय नागरिक
हर तरफ से यहां बदबू आती रहती है, सोमवार को मुल्ला कॉलोनी में कई बुजुर्ग और बच्चों की तबियत खराब हो गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है।
- राम सेवक गुप्ता स्थानीय नागरिक
पहले भी कई बार लगी आग
- 31 मार्च, 2019 में भी इसी प्रकार गाजीपुर लैंडफिल साइट पर आग लगी थी, आस पास की कॉलोनियों में धुएं का गुबार भर गया था।
- 24 नवंबर, 2020 में यहां भयंकर आग लगी थी, आग बुझाने में करीब पांच दिन लगे थे, तब भी लोगों को बहुत परेशानी हुई थी।
- 28 मार्च 2021 को भी गाजीपुर लैंडफिल साइट पर तेज आग लग गई थी, इसे बुझाने में कई घंटे मशक्कत करनी पड़ी थी।