दिल्ली चुनाव: शाहीन बाग में सनी देओल से रोड शो कराने की बढ़ी मांग
दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए अभिनेता सनी देओल की भाजपा प्रत्याशियों में मांग बढ़ गई है। ज्यादातर प्रत्याशी उनका रोड शो और जनसभा कराने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि शाहीन बाग के आसपास इलाकों में भी सनी देओल से प्रचार कराया जाए।
शाहीन बाग मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हवा दे गए हैं। लगातार भाजपा इसे लेकर आम आदमी पार्टी पर हमलावर है। इस बीच स्टार प्रचारक सनी देओल भी चर्चा में हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में उतरे सनी देओल गुरुवार को उत्तम नगर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी कृष्ण गहलोत के लिए मेगा रोड शो करेंगे। इस खबर के बाद सनी देओल की मांग उत्तर पूर्वी व पूर्वी दिल्ली लोकसभा में ज्यादा बढ़ गई है।
उधर, मजनूं का टीला इलाके में चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी सुमन गुप्ता के लिए महाबली खली भी मैदान में उतरे। मजनू का टीला के समीप खली ने पदयात्रा व रोड शो कर भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की।
...और जब भाजपा प्रत्याशी वोट मांगने पहुंचे आप के दफ्तर
इस बार अजब-गजब प्रचार देखने को मिल रहा है। कहीं नेताजी किसी भी दरवाजे पर वोट मांगने पहुंच जाते हैं तो कहीं दंडवत हो जाते हैं। कहीं पर पार्टी प्रत्याशी विपक्षी पार्टी के कार्यालय पहुंचकर वोट करने की अपील करते हैं।
बुधवार को हरीनगर के भाजपा प्रत्याशी तेजेंदर बग्गा प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी के चुनाव कार्यालय पहुंच गए। सभी से सत श्री अकाल कहने के साथ ही पार्टी कार्यालय में बैठे लोगों से भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील की। दरअसल, बग्गा का यह राजनीति दांव इसलिए था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने भाषण में भाजपा कार्यकर्ताओं से भी आम आदमी पार्टी के पक्ष में वोट करने की अपील कर रहे हैं।