चुनाव आयोग की टीम ने जगतपुरी में फॉक्सवैगन कार से बरामद किए 49.16 लाख रुपये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में चेकिंग के दौरान चुनाव आयोग की टीम ने एक फॉक्सवैगन वेंटो कार से 49.16 लाख रुपये बरामद किए हैं। आचार संहिता लगने के बाद दिल्ली में अब तक की यह सबसे बड़ी बरामदगी बताई जा रही है।
पकड़े गए तीनों आरोपियों को पुलिस के हवाले करने के बाद आयकर विभाग को भी मामले की सूचना दे दी गई है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में इन रुपयों का इस्तेमाल किया जाना था। देर रात तक पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन करने का प्रयास कर रही है।
एसडीएम गांधी नगर राजीव कुमार ने बताया कि चुनाव की घोषणा होने के बाद लगातार जिला प्रशासन की टीमें संदिग्ध लोगों पर नजर रख रही है। इसी कड़ी में सोमवार को जगतपुरी के अर्जुन नगर में सर्विलांस टीम के इंचार्ज अतुल गोयल की देखरेख में बैरिकेड लगाकर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।
इस दौरान एक संदिग्ध वेंटो कार को जांच के लिए रोका गया। कार में तीन लोग सवार थे। कार की तलाशी लेने पर उससे रुपयों का एक बैग बरामद हुआ। रुपयों के बारे में पूछताछ करने पर आरोपी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। रुपये जब्त करने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
थाने लाकर आरोपियों से पूछताछ जारी थी। आयकर विभाग की टीम भी आरोपियों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही थी। पकड़े गए तीनों आरोपी सीलमपुर के कारोबारी बताए जा रहे हैं।